कटिहार जिला के महिला कृषक एफ.पी.ओ. समूहों द्वारा तैयार किये गये स्वादिष्ट मखाना लड्डू से गणपति बप्पा को लगा भोग*
कटिहार,14 सितंबर 2026, सोमवार।
शिव मंदिर चौक स्थित गणपति पंडाल में विराजमान गणपति बप्पा को मखाना से निर्मित स्वादिष्ट एवं पौष्टिक लड्डुओं का भोग सदर एसडीएम श्री सूरज कुमार एवं जिला कृषि पदाधिकारी श्री राजीव कुमार के द्वारा अर्पित किया।
इस अवसर पर मखाना उत्पादों की बिक्री और मार्केटिंग को बढ़ावा देने के लिए विशेष रणनीति पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने प्रसाद के रूप मे बप्पा को अर्पित मखाना से बने लड्डू और जलेबी का स्वाद भी चखा।
*महिला समूहों के उत्पादों की व्यापक बिक्री पर जोर*
सदर एसडीएम श्री सूरज कुमार ने कटिहार जिले में महिला समूहों द्वारा निर्मित मखाना उत्पादों की बिक्री को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने के लिए प्रभावी मार्केटिंग रणनीति अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मखाना से बने लड्डू, जलेबी और अन्य मूल्यवर्धित उत्पादों को आकर्षक पैकेजिंग, बेहतर ब्रांडिंग और उचित बाजार उपलब्ध कराकर बड़े बाजार तक पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने महिला समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को स्थानीय बाजार के साथ-साथ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई, ताकि ग्रामीण महिलाओं को बेहतर बाजार और आय के अवसर मिल सकें।
*फ्लिपकार्ट, अमेजन और स्विगी पर ऑनलाइन बिक्री के दिए टिप्स*
सदर एसडीएम श्री सूरज कुमार ने मखाना उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि महिला समूहों और एफपीओ द्वारा निर्मित मखाना लड्डू, जलेबी तथा अन्य उत्पादों को फ्लिपकार्ट, अमेजन और स्विगी जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से ग्राहकों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने ऑनलाइन मार्केटिंग के लिए आकर्षक पैकेजिंग, उत्पाद की गुणवत्ता, प्रभावी ब्रांडिंग, शानदार उत्पाद तस्वीरें, उचित मूल्य निर्धारण और ग्राहकों तक बेहतर पहुंच जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया। इससे कटिहार के मखाना उत्पादों को स्थानीय स्तर से बाहर बड़े बाजार में पहचान दिलाने की संभावनाएं और मजबूत होंगी।
*जटा एफपीओ के सहयोग से महिला समूहों ने तैयार किए उत्पाद*
मखाना लड्डू और जलेबी का निर्माण जटा एफपीओ, कटिहार के सहयोग से कोढ़ा प्रखंड के मुसापुर गांव की महिला समूहों द्वारा किया गया है। महिला समूहों की मेहनत और हुनर से तैयार इन स्वादिष्ट उत्पादों ने गणपति पंडाल में लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
मखाना से बने पारंपरिक और आधुनिक खाद्य उत्पादों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार, मूल्यवर्धन और बाजार से जोड़ने की दिशा में सकारात्मक पहल की जा रही है।
*मखाना : बिहार की पहचान और सुपरफूड*
मखाना बिहार का प्रमुख कृषि उत्पाद है, जो अपनी पौष्टिकता और स्वास्थ्यवर्धक गुणों के कारण देश-दुनिया में सुपरफूड के रूप में लोकप्रिय हो रहा है। इससे विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट और पौष्टिक खाद्य उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं।
मखाना लड्डू और जलेबी जैसे उत्पादों के माध्यम से स्थानीय कृषि उत्पादों का मूल्यवर्धन कर किसानों और महिला समूहों की आय बढ़ाने के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकते हैं।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी
कटिहार।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Department of Agriculture, Government of Bihar #katihar #
Katihar, Bihar | Sep 14, 2026