नीट (यूजी)-2026 को लेकर मुरैना पुलिस अलर्ट, एसपी धर्मराज मीना ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
मुरैना। आगामी नीट (यूजी)-2026 परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मुरैना पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने शनिवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, पार्किंग व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर, रक्षित निरीक्षक रविकांत शुक्ला तथा सेंट्रल एग्जाम कॉर्डिनेटर सतीश अरोरा भी उपस्थित रहे।
एसपी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे और प्रत्येक परीक्षार्थी की निर्धारित मानकों के अनुसार सघन जांच की जाए। परीक्षा केंद्रों में किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री प्रवेश न कर सके, इसके लिए विशेष निगरानी रखने को कहा गया। साथ ही सीसीटीवी कैमरों को सतत चालू रखने, स्ट्रांग रूम की 24 घंटे सुरक्षा सुनिश्चित करने और परीक्षा सामग्री की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों, अनावश्यक भीड़ और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी जारी किए हैं। वहीं साइबर टीम को सोशल मीडिया पर परीक्षा संबंधी अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं की निगरानी कर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी का रिहर्सल भी कराया गया, जिसमें फ्रिस्किंग, प्रवेश जांच, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, स्ट्रांग रूम सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन रिस्पॉन्स की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।
#NEET2026 #MorenaPolice #NEETUG #Morena #ExamSecurity #DharmrajMeena #MPPolice #EducationNews