12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मुरैना में योग का महाआयोजन, 47 हजार से अधिक लोगों ने किया योगाभ्यास
मुरैना। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुरैना जिले में योग को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। जिला प्रशासन द्वारा टाउन हॉल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा सामूहिक योगाभ्यास में हिस्सा लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया।
जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों के तहत 1,410 स्थानों पर 47,055 लोगों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। टाउन हॉल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री कंषाना ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्वभर में इसे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। मंत्री कंषाना ने नागरिकों से दैनिक जीवन में योग को अपनाने और “योग करें, निरोग रहें” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। जिले के जनपद मुख्यालयों, पंचायत भवनों, अमृत सरोवरों और बटेश्वरा सहित विभिन्न स्थानों पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास किया।
नशामुक्त भारत अभियान के तहत दिलाई शपथ
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नशामुक्त भारत अभियान के तहत कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। सभी प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महापौर शारदा सोलंकी, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना, जनपद पंचायत अध्यक्ष मोहर सिंह कंषाना, जिला पंचायत सीईओ कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
#InternationalYogaDay #YogaDay2026 #Morena #AidalSinghKansana #YogaForHealth #NashaMuktBharat #MPNews #MorenaNews #YogaApnayeNirogRahe