विपिन पांचाल के भाजपा से निष्कासन पर विश्वकर्मा समाज ने जताई नाराजगी।
शीघ्र प्रदेशाध्यक्ष डा.अर्चना गुप्ता से मुलाकात करेगा समाज का प्रतिनिधिमंडल ़ गोहाना रोड स्थित विश्वकर्मा मंदिर के सभागार में विश्वकर्मा सभा की बैठक प्रधान राजकुमार पांचाल की अध्यक्षता में हुई। जिसमें पांचाल समाज के जिला अध्यक्ष एवं जिला पार्षद शिखा पांचाल के भाई विपिन पांचाल को भाजपा के सनौली मंडल के अध्यक्ष द्वारा पत्र जारी करके 6 साल के लिए निष्कासित किए जाने पर नाराजगी जताई गई। बैठक में विश्वकर्मा समाज ने भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डा.अर्चना गुप्ता से मुलाकात करके षड्यंत्र के तहत किए गए निष्कासन से अवगत कराने का निर्णय लिया है। बैठक में शिवकुमार भीमडा ने बताया कि विपिन पांचाल की बहन शिखा पांचाल जब निर्विरोध जिला पार्षद निर्वाचित हुई थी तो निर्वाचित होने के बाद भाजपा के जिला कार्यालय श्याम कमल में विधायक मनमोहन भड़ाना की पत्नी एवं जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने उसका स्वागत किया था। विपिन पांचाल लगातार भाजपा के सभी कार्यक्रमों में बढ़-चढकर भाग लेता है और पार्टी के लिए काम कर रहा है, ऐसे में बिना कोई नोटिस दिए निष्कासन करना गलत है। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से निष्कासन को वापस लेने की मांग की गई। बैठक में श्री विश्वकर्मा पांचाल सभा के प्रधान रोहतास पांचाल, सुभाष जांगड़ा, संजय धीमान, राजेंद्र पांचाल भंडारी, कप्तान पांचाल, शिवकुमार पांचाल, रामपाल धीमान, कालू धीमान, धर्मवीर धीमान, सतीश धीमान, डा.धर्मपाल पांचाल, राममेहर पांचाल, मोनी पांचाल व कपिल पांचाल आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।