पीलीबंगा: सरकारी अस्पताल के पास बीड़ी बेचते युवक गिरफ्तार, 24 बंडल बीड़ी बरामद
#Lalbahadurbhakhar #pilibanga #hanumangarhnews #CrimeNews #RajasthanPolice
पीलीबंगा (हनुमानगढ़)। स्थानीय पुलिस ने नियमों की धज्जियां उड़ाकर राजकीय चिकित्सालय के प्रतिबंधित दायरे में धूम्रपान सामग्री बेच रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 24 बंडल बीड़ी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ राजस्थान धूम्रपान निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गश्त के दौरान एएसआई मदनलाल, एएसआई राजकुमार व कांस्टेबल सुनील कुमार मुख्य बाजार मंडी पीलीबंगा में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खरलिया रोड स्थित राजकीय चिकित्सालय के पास एक व्यक्ति बीड़ी बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम शाम करीब 4:11 बजे मौके पर पहुंची, जहां अस्पताल की दीवार के पास एक व्यक्ति बीड़ी बेचता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वहां खड़े ग्राहक भाग छूटे।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रवि कुमार (46) पुत्र कनीराम, निवासी वार्ड नंबर 30, मंडी पीलीबंगा बताया। अस्पताल के 100 मीटर के दायरे में धूम्रपान सामग्री बेचना व रखना गैरकानूनी होने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से देसाई ब्रदर्स बीड़ी के 24 बंडल बरामद कर जब्त किए गए। पुलिस टीम ने नए कानूनी प्रावधानों के तहत मौके पर 'ई-साक्ष्य' ऐप के जरिए धारा 105 बीएनएसएस के तहत वीडियोग्राफी की प्रक्रिया पूरी की।
थाने पहुंचने पर आरोपी के खिलाफ धारा 9/11 राजस्थान धूम्रपान निषेध अधिनियम में मुकदमा नंबर 609/2026 दर्ज किया गया है। मामले की आगामी जांच एएसआई राजकुमार को सौंपी गई है।
Pilibanga, Hanumangarh | Oct 11, 2026