खेलो इंडिया संवाद में प्रधानमंत्री ने युवाओं को किया संबोधित
________________
खेल, फिटनेस, युवा नेतृत्व और नशामुक्ति पर दिया संदेश
________________
राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने साझा किए अपने अनुभव
________________
खरगोन 27 अगस्त 2026। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खरगोन में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा मेरा युवा भारत के संयुक्त तत्वावधान में ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात, प्रधानमंत्री के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी.एस. चौहान के मार्गदर्शन में ऑनलाइन माध्यम से आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के युवाओं एवं खिलाड़ियों को संबोधित किया। उन्होंने खेल, फिटनेस, युवा नेतृत्व, वर्ष 2036 में प्रस्तावित ओलंपिक की तैयारियों, विकसित भारत और नशामुक्त युवा जैसे विषयों पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने युवाओं से खेलों से जुड़ने, फिट एवं अनुशासित रहने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। साथ ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी सुश्री पवी दुबे ने कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेलों से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी.एस. चौहान ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने तथा महाविद्यालय, जिले और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन महिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सावित्री भगोरे ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत श्री कुशाल सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीयन करने तथा विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक अधिकारी डॉ. सुरेश आवसे ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि युवाओं के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर के शतरंज खिलाड़ी गौतम भालसे ने अपने खेल अनुभव साझा करते हुए निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताया। राष्ट्रीय स्तर की मार्शल आर्ट प्रतियोगिता में भाग ले चुकी सिया जागीर ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता में भाग लेने से उनके आत्मविश्वास, अनुशासन और साहस में वृद्धि हुई तथा अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गौरवपूर्ण अनुभव रहा।
कार्यक्रम में डॉ. राजू हमीर देसाई, डॉ. राजेंद्र सिंह चौहान सहित NSS स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone
Khargone (West Nimar), Madhya Pradesh | Aug 27, 2026