विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : जिलाधिकारी
कायाकल्प अभियान के तहत शैक्षणिक, स्वास्थ्य एवं अन्य संस्थानों की आधारभूत संरचनाओं का मिशन मोड में हो रहा सुदृढ़ीकरण
सरकार की विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी प्रतिबद्धता के साथ किया जा रहा है, ताकि इनका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच सके। जिले में कई महत्वपूर्ण योजनाओं एवं परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है, जिनसे सीतामढ़ी की आधारभूत संरचनाओं को मजबूती मिलेगी। उक्त बातें जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने आज विमर्श सभा कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि जिले में संचालित कायाकल्प अभियान के तहत शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संस्थानों के साथ-साथ कल्याण विभाग तथा आईसीडीएस से संबंधित आधारभूत संरचनाओं के व्यापक सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य मिशन मोड में किया जा रहा है। इस अभियान के तहत अभी तक कुल 2758 योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है तथा 440 कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक 218 स्वास्थ्य संस्थानों तथा शिक्षा विभाग द्वारा 267 विद्यालयों में कार्य पूर्ण किया जा चुका है। वहीं, जिले के कुल 3788 आंगनबाड़ी केंद्रों में से 1862 केंद्रों में रंग-रोगन एवं अन्य आवश्यक कार्य पूरे कर लिए गए हैं। इस अभियान के तहत जिले में 258 नए आंगनबाड़ी केंद्रों का भी निर्माण कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन को अधिक सुव्यवस्थित बनाने तथा बच्चों को बेहतर शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक अभिनव पहल की गई है। इसके तहत अब तक 199 आंगनबाड़ी केंद्रों को उनके नजदीक स्थित सरकारी विद्यालयों में स्थानांतरित किया गया है। इससे बच्चों को विद्यालय परिसर में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा तथा आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन भी अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
मीडिया को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने डुमरा प्रखंड के मुरादपुर में लगभग 543 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन मां सीता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परियोजना का नियमित रूप से अनुश्रवण किया जा रहा है तथा इसके पूर्ण होने की निर्धारित तिथि 30 अगस्त 2027 है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि जिले में अब तक लगभग 900 घरों में सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस महत्वाकांक्षी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। वहीं, स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक ईंधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित पीएनजी योजना के संबंध में उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले के लगभग 400 घरों में खाना बनाने के लिए पीएनजी गैस का उपयोग किया जा रहा है। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिकाधिक घरों तक पीएनजी सुविधा पहुंचाने के लिए मिशन मोड में कार्य किया जा रहा है।
आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर सड़कों की मरम्मती एवं अनुरक्षण कार्यों की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि पथ निर्माण विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा इस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है, ताकि आवागमन सुगम एवं सुरक्षित बना रहे। उन्होंने कहा कि जिले के नौ प्रखंडों में राजकीय डिग्री कॉलेजों की स्थापना तथा 21 सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) की शुरुआत शिक्षा के विस्तार एवं शैक्षणिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
अभियान बसेरा-02 की प्रगति के संबंध में जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी अंचलों में अब तक 1776 भूमिहीन सुयोग्य श्रेणी के पात्र लाभुकों के बीच बंदोबस्ती प्रमाण पत्र वितरित किए जा चुके हैं। नवंबर माह में भी बड़ी संख्या में पात्र लाभुकों को बंदोबस्ती प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि राजस्व महाअभियान के तहत सीतामढ़ी जिले में कुल 1,54,181 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1,31,275 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। इसी प्रकार, पात्र परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पिछले तीन महीनों से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अब तक कुल 33,233 राशन कार्ड बनाए गए हैं। पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जिलाधिकारी ने जिले में संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं की भी विस्तार से जानकारी दी। इनमें स्ट्रॉम वाटर ड्रेनेज योजना, मेहसौल ओवरब्रिज का निर्माण, पुनौरा धाम मंदिर एवं परिसर का समग्र विकास तथा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का निर्माण प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त सोनबरसा एवं नानपुर प्रखंडों में औद्योगिक विकास के उद्देश्य से इस दिशा में किए जा रहे कार्यों की अद्यतन प्रगति से भी मीडिया को अवगत कराया।
जिलाधिकारी ने जिले से जुड़ी प्रमुख सड़क परियोजनाओं की जानकारी देते हुए एनएच-227ए राम-जानकी मार्ग परियोजना, गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे, रक्सौल-हल्दिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे तथा मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन सड़क परियोजना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले की कनेक्टिविटी बेहतर होगी तथा व्यापार, उद्योग, रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का सतत प्रयास है कि विकास एवं जनकल्याण से जुड़ी सभी योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित हो तथा इनका वास्तविक लाभ आम लोगों तक पहुंचे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला जन संपर्क पदाधिकारी कमल सिंह ,सीएम फेलो पूजा गुप्ता की भी उपस्थिति रही।General Administration Department, Govt. of Bihar District Administration Sitamarhi Bihar Health Department Revenue and Land Reforms Dept, Govt. of Bihar Panchayati Raj Department, Government of Bihar Road Construction Department, Government of Bihar Prohibition,Excise & Registration Department, Bihar Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Sitamarhi, Bihar | Nov 2, 2026