#भरतपुर। विश्व स्मृति दिवस के अवसर पर रविवार को वैर पुलिस की ओर से पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवाने वाले लोगों की याद में मोमबत्तियां जलाकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में हादसों के शिकार हुए लोगों के परिजनों के साथ ही सीआई जगदीश चन्द्र, उपजिला अस्पताल प्रभारी मानवेन्द्र सिंह तथा पुलिस, चिकित्सा और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए। श्रद्धांजलि सभा के उपरांत कस्बे में कैंडल मार्च निकालकर आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी ही अधिकांश सड़क हादसों की मुख्य वजह बनती है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे सड़क पर चलते समय न केवल अपनी सुरक्षा का ध्यान रखें, बल्कि दूसरों की जान की सुरक्षा के प्रति भी संवेदनशील रहें।