मालागूंठी में दो वाहनों की जोरदार भिड़ंत, तीन महिलाएं और एक पुरुष कार के अंदर फंसे थे।
ऋषिकेश क्षेत्र के मालागूंठी में सोमवार को दो वाहनों की जोरदार टक्कर के बाद स्विफ्ट कार में सवार चार लोग वाहन के अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर कार में फंसे सभी चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, चौकी ब्यासी से दुर्घटना की सूचना मिलने पर मुख्य आरक्षी मोहन सिंह के हमराह SDRF रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि एक भारी वाहन और स्विफ्ट कार संख्या UK12F5035 के बीच जोरदार टक्कर हुई थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चार लोग अंदर ही फंस गए।
कार में तीन महिलाएं और एक पुरुष सवार थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए SDRF जवानों ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों और तकनीकी दक्षता का इस्तेमाल करते हुए क्षतिग्रस्त कार से चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे में घायल सभी चार लोगों को प्राथमिक सहायता के बाद एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
SDRF और स्थानीय पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कार में फंसे चारों घायलों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।