खारी के जंगलों में आबकारी विभाग की दबिश, 2000 कि.ग्रा. महुआ लाहन नष्ट एवं 25 लीटर कच्ची शराब की गई जप्त
===============================================================
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्री बी.आर.वैद्य के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त छिंदवाड़ा क्रमांक-2 के आबकारी अमले द्वारा सोमवार प्रात: ग्राम खारी के जंगल में दबिश दी गई।
दबिश के दौरान प्लास्टिक के ड्रमों में भरा हुआ 2000 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया, जिसे नियमानुसार विधिवत नष्ट किया गया। इसके साथ ही 25 लीटर हाथ भट्टी निर्मित कच्ची शराब भी बरामद की गई। इस कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(च) के तहत कुल 03 प्रकरण दर्ज किए गए। उक्त कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक एवं वृत्त प्रभारी श्री नरेंद्र नागेश, आबकारी मुख्य आरक्षक श्री लक्ष्मीचंद तथा आबकारी आरक्षक सुश्री सोनाली बरकड़े उपस्थित थीं।