परिवहन विभाग ने की चांद-चौरई क्षेत्र में स्कूल वाहनों की सघन जांच
09 वाहनों से की गई 62000 रूपये की चालानी कार्रवाई
===============================================================
परिवहन आयुक्त एवं कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के आदेश के परिपालन में सोमवार को अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री अनुराग शुक्ला के निर्देशन में परिवहन विभाग के विशेष जांच दल द्वारा चांद-चौरई क्षेत्र में संचालित स्कूल वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान छोटे-बड़े लगभग 25 वाहनों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान वाहनों के समस्त दस्तावेज, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस, ओवरलोडिंग सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान वाहन क्रमांक एमपी 20 डीए 0863 (स्कूल बस) बिना परमिट एवं फिटनेस के संचालित पाई गई। इस पर वाहन को जप्त कर थाना चांद परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया। वहीं वाहन क्रमांक एमपी 53 टीए 1426 (मैजिक) बिना परमिट, फिटनेस, बीमा एवं पीयूसी के संचालित पाया गया। इस पर मौके पर ही 23000 रुपये की चालानी कार्रवाई कर वाहन को मुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त दस्तावेजों एवं अन्य कमियां पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम के तहत 09 अन्य वाहनों पर भी चालानी कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से कुल 62000 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। परिवहन विभाग ने स्कूल वाहन संचालकों एवं चालकों को समझाइश दी कि वे मोटरयान अधिनियम, 1988 के प्रावधानों का पालन करते हुए ही वाहनों का संचालन करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विधि अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।