दीपावली व अन्य त्योहारों को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों ने किया पैदल गश्त
संभल/चंदौसी। दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, जिलाधिकारी अंकित खंडेवाल , पुलिस क्षेत्राधिकारी विवेक जावला एवं उपजिलाधिकारी आशुतोष तिवारी ने पुलिस बल के साथ नगर के प्रमुख बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त की।
इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन से त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। अधिकारियों ने अधीनस्थ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए बाजारों में सतर्कता बनाए रखने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। पुलिस-प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी त्योहार हर्षोल्लास और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हों तथा आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।