पीलीबंगा में रामलीला के चौथे दिन सीता स्वयंवर, लक्ष्मण-परशुराम संवाद और भावुक सीता विदाई का हुआ भव्य मंचन
#Lalbahadurbhakhar #pilibanga #hanumangarh #RajasthanNews
पीलीबंगा :- लालबहादुर भाखर:- पीलीबंगा कस्बे में श्री राम नाटक क्लब के तत्वावधान में राजकीय चिकित्सालय के सामने वाली गली में आयोजित की जा रही रामलीला के चौथे दिन विभिन्न प्रसंगों का सजीव और भावपूर्ण मंचन किया गया। शनिवार रात्रि को मंचित लीला में श्रीराम-लक्ष्मण का जनकपुरी भ्रमण, माता सीता द्वारा गौरी पूजा, भव्य सीता स्वयंवर, ओजस्वी लक्ष्मण-परशुराम संवाद तथा भावुक पलों के बीच सीता विदाई के दृश्य दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत गणपति पूजन के साथ हुई। अरोड़वंश सभा के पूर्व अध्यक्ष रैमलदास मरेजा, आशीष कर्वा, सुशील गुप्ता, दिनेश छाजेड़ एवं रवि माहेश्वरी ने गणपति महाराज की पूजा-अर्चना कर लीला का शुभारंभ करवाया। समिति के पदाधिकारियों द्वारा सभी अतिथियों का भगवान श्रीराम नामी माला पहनाकर अभिनंदन किया गया, वहीं अतिथियों ने भी आयोजन समिति को आर्थिक सहयोग भेंट किया।
मंचन के दौरान लक्ष्मण के पात्र में अरुण जोशी और परशुराम की भूमिका में मोहनलाल शर्मा ने अपने जोशीले संवादों से समां बांध दिया। दोनों कलाकारों के ओजस्वी अभिनय पर पंडाल में मौजूद सैकड़ों दर्शकों ने खड़े होकर करतल ध्वनि से उत्साहवर्धन किया। इसके पश्चात सीता स्वयंवर में श्रीराम के रूप में हरविंद्र गोयल और माता सीता के रूप में नितेश बंसल ने अपने प्रभावी अभिनय से दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
सीता के कन्यादान की रस्म कस्बे के वरिष्ठ व्यवसायी दिनेश छाजेड़ द्वारा संपन्न कराई गई। राजा जनक की भूमिका निभा रहे सुरेन्द्र सिंगला ने 'बाबुल की दुआएं लेती जा, जा तुझको सुखी संसार मिले' गीत पर अत्यंत मर्मस्पर्शी अभिनय प्रस्तुत किया, जिससे उपस्थित दर्शकों की आंखें नम हो गईं। इसके अलावा गुरु वशिष्ठ के किरदार में बबलू पाल और गुरु विश्वामित्र के पात्र में प्रकाश बिश्नोई ने भी अपनी सशक्त अभिनय कला की अमिट छाप छोड़ी।
पूरे कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन अशोक खदरिया और निखिल बिश्नोई द्वारा किया गया। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में निर्देशक चंद्रमोहन सेतिया और सह-निर्देशक रतनपाल बंसल के मार्गदर्शन में संरक्षक रामस्वरूप लीला, अध्यक्ष बृजमोहन जिंदल, सचिव हरविंद्र गोयल, दर्शन गर्ग, मानमल सिपाणी, जयभगवान गोयल, डॉ. जनक बंसल, नरेन्द्र खदरिया, प्रकाश बिश्नोई, प्रकाश वाट्स, चेतन प्रजापत, राजकुमार छाबड़ा एवं देवीलाल एंड पार्टी का पूर्ण सहयोग रहा।
#पीलीबंगा #रामलीला #सीतास्वयंवर #लक्ष्मणपरशुरामसंवाद #श्रीरामनाटकक्लब #धार्मिकआयोजन