हरपुर अंडरपास के समीप से अपहरण के मामले में वांछित युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार, अपहृता बरामद
वाराणसी की जंसा पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर घर से भगा ले जाने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया है। जंसा पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 11 बजे क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग तथा वांछित अभियुक्तों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हरपुर अंडरपास के पास से अभियुक्त अविनाश उर्फ रुद्र पुत्र लम्बई, निवासी सरइया सिकन्दरपुर, थाना चुनार, जनपद मिर्जापुर को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अभियुक्त के कब्जे से संबंधित अपहृता को सकुशल बरामद किया । बता दे कि नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर घर से ले जाने के आरोप में थाना जंसा में अभियोग पंजीकृत किया गया था। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के बाद पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।