चोरी के बाद भी FIR दर्ज नहीं! 7-8 बार थाने के चक्कर काटने को मजबूर पीड़ित परिवार
छतरपुर। जिले के सरवई थाना क्षेत्र के ग्राम रानीखेड़ा में चोरी की वारदात के बाद पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि धनतेरस की सुबह अज्ञात चोरों ने उनके घर का दरवाजा तोड़कर करीब 80 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, घटना के बाद उन्होंने सरवई थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए 7 से 8 बार चक्कर लगाए, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई। परिवार ने एसपी कार्यालय में आवेदन देने के साथ ही कलेक्टर, आईजी और डीजीपी तक ईमेल के माध्यम से शिकायत पहुंचाई है। इतना ही नहीं, सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है।
पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस की ओर से यह कहकर एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही कि गांव में सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं और परिवार को किसी व्यक्ति पर शक भी नहीं है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या चोरी की घटना की एफआईआर दर्ज कराने के लिए सीसीटीवी फुटेज या किसी संदिग्ध का नाम बताना अनिवार्य है?
पीड़ित परिवार अब वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगा रहा है। परिवार की मांग है कि चोरी की घटना की एफआईआर दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और चोरी गए नकदी व आभूषणों की बरामदगी के प्रयास किए जाएं।
अब सवाल यह है कि जब पीड़ित परिवार लगातार शिकायतें कर रहा है, तो आखिर सरवई पुलिस अब तक एफआईआर दर्ज क्यों नहीं कर रही?
Chhatarpur Nagar, Chhatarpur | Nov 25, 2026