स्वर्गीय बलदेव राज ओझा की पुण्यतिथि बनी यादगार, ‘एक अभियान जिंदगी के नाम’ ने बांटे निशुल्क हेलमेट
👉ओझा परिवार ने हेलमेट वितरण कर दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, लोगों ने ट्रैफिक नियमों के पालन का लिया संकल्प**
फरीदाबाद। Rakesh Kumar फरीदाबाद कांग्रेस के भीष्म पितामह कहे जाने वाले स्वर्गीय बलदेव राज ओझा की पुण्यतिथि को सामाजिक सरोकार और जनसेवा के कार्य से यादगार बनाया गया। इस अवसर पर ‘एक अभियान जिंदगी के नाम’ संस्था की ओर से निशुल्क हेलमेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वर्गीय बलदेव राज ओझा के सुपुत्र राजन ओझा एवं रमेश ओझा तथा आरडब्ल्यूए सेक्टर-19 के प्रधान अशोक रखेजा विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। हेलमेट प्राप्त करने वाले लोगों ने न केवल संस्था का आभार जताया, बल्कि भविष्य में हेलमेट पहनकर वाहन चलाने और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर ‘एक अभियान जिंदगी के नाम’ के संयोजक राकेश कुमार सुखवारिया ने कहा कि संस्था का उद्देश्य लोगों के जन्मदिन, शादी की सालगिरह और पुण्यतिथि जैसे खास अवसरों को समाजसेवा से जोड़कर यादगार बनाना है। किसी व्यक्ति के जीवन में हेलमेट से बड़ा उपहार शायद ही कोई हो, क्योंकि हेलमेट केवल एक सुरक्षा उपकरण नहीं, बल्कि किसी की जिंदगी बचाने का माध्यम है। एक हेलमेट किसी व्यक्ति की ही नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार की खुशियां सुरक्षित रख सकता है।
संस्था के संरक्षक एवं आरडब्ल्यूए सेक्टर-19 के प्रधान अशोक रखेजा ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाना आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है। हर व्यक्ति को अपने खास दिन को समाज के हित में मनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हेलमेट पहनना और यातायात नियमों का पालन करना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने इस अभियान को लगातार आगे बढ़ाने के लिए लोगों को जागरूक करने का आह्वान भी किया।
वहीं, ओझा परिवार ने अपने पिता स्वर्गीय बलदेव राज ओझा की पुण्यतिथि को इस नेक कार्य के माध्यम से यादगार बनाने के लिए ‘एक अभियान जिंदगी के नाम’ की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। राजन ओझा एवं रमेश ओझा ने कहा कि पुण्यतिथि पर जरूरतमंद लोगों को हेलमेट देकर उनकी सुरक्षा का संदेश देना बेहद सराहनीय पहल है। उन्होंने संस्था को आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक और जनहित के कार्यों में ओझा परिवार हरसंभव सहयोग करेगा।
कार्यक्रम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि अपनों की याद को सच्ची श्रद्धांजलि तभी मिलती है, जब उनके नाम पर किया गया कार्य किसी की जिंदगी बचाने का माध्यम बने।
Faridabad, Faridabad | Nov 13, 2026