देवास। शहर और जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ देवास पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत कोतवाली और औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग प्रकरणों में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 100 ग्राम से अधिक MD ड्रग्स, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है, एक अवैध देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। कार्रवाई में एक आरोपी के पास से ड्रग्स के साथ हथियार भी बरामद हुआ है।
इस कार्रवाई को लेकर पुलिस कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें नशे के अवैध कारोबार और हथियारों की तस्करी के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर गजेंद्र सिंह वर्धमान और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
रेलवे क्रॉसिंग से पंपिंग स्टेशन तक पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, 4 अक्टूबर 2026 को थाना कोतवाली पुलिस ने अंबेडकर नगर रेलवे क्रॉसिंग के पास कार्रवाई करते हुए इमरान पठान और रेहान उर्फ मंसूरी के कब्जे से 34.78 ग्राम MD ड्रग्स जब्त की। इसी दिन होमगार्ड लाइन स्थित सीवरेज पंपिंग स्टेशन के पास से स्वयं उर्फ विशु पुजारी को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 17.04 ग्राम MD ड्रग्स के साथ एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
इसके बाद 6 अक्टूबर 2026 को थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टुमनी रेलवे ओवरब्रिज के पास से राजकुमार गांगुली के कब्जे से 13.49 ग्राम MD ड्रग्स जब्त की। वहीं, नागदा-रसूलपुर रोड पर बंड कॉर्न फैक्ट्री के पास से राजेश मालवीय उर्फ राजा को पकड़ा गया, जिसके पास से 15.71 ग्राम MD ड्रग्स बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में कई पर पहले से दर्ज हैं अपराध
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में इमरान पठान, रेहान मंसूरी, स्वयं पुजारी, युसुफ खान, नजर कुरैशी, साहील शाह, शाहरुख मंसूरी, राजकुमार गांगुली और राजेश मालवीय शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इनमें से कई आरोपियों के खिलाफ पहले से आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। कुछ आरोपियों पर चार से आठ तक मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
.
In news ad
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews
Dewas Nagar, Dewas | Oct 9, 2026