*समाहरणालय परिसर में नवनिर्मित प्रतीक्षालय का हुआ उद्घाटन*
गया, 24 जुलाई 2026, आम नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी गया श्री शशांक शुभंकर ने आज समाहरणालय परिसर में नव निर्मित प्रतीक्षालय का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि समाहरणालय आने वाले प्रत्येक नागरिक को सम्मानजनक वातावरण में बैठने की सुविधा मिले तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग विभिन्न प्रशासनिक कार्यों एवं शिकायतों के समाधान के लिए समाहरणालय पहुंचते हैं। कई लोग अपने परिवार, महिलाओं एवं बच्चों के साथ आते हैं। पूर्व में प्रतीक्षा के दौरान लोगों को असुविधा होती थी, जिसे ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रतीक्षालय का निर्माण कराया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रतीक्षालय में आरामदायक बैठने की व्यवस्था, पंखे, एयर कंडीशनर, स्वच्छ पेयजल तथा शौचालय की समुचित सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि किसी भी फरियादी को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कोशिश है कि आम नागरिक अपनी समस्या लेकर आएं तो उन्हें सम्मानपूर्वक बैठाकर उनकी बात सुनी जाए और आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रतीक्षालय में जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कंप्यूटर ऑपरेटर नियमित रूप से उपस्थित रहेंगे। यहां आने वाले प्रत्येक आवेदक की शिकायत या आवेदन की ऑनलाइन स्थिति की जांच कर उन्हें यह जानकारी दी जाएगी कि उनका मामला किस विभाग में लंबित है तथा उसके निष्पादन की वर्तमान स्थिति क्या है। इससे लोगों को विभिन्न कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और कार्यों में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय पदाधिकारी प्रतिदिन तीन से चार बार जन प्रतीक्षालय का भ्रमण कर वहां उपस्थित लोगों की समस्याएं सुनेंगे। स्वयं जिला पदाधिकारी भी प्रतिदिन प्रतीक्षालय का निरीक्षण करेंगे तथा नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों के त्वरित समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि जन प्रतीक्षालय केवल शिकायत सुनने का केंद्र नहीं होगा, बल्कि यहां आम लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं जागरूकता भी प्रदान की जाएगी।
परिवहन विभाग अंतर्गत दुर्घटनाओं से संबंधित सेवाओं के लिए सहायता डेस्क स्थापित किए गए हैं, जहां नागरिक आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ आवेदन एवं प्रपत्र भी जमा कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि यह प्रतीक्षालय जनसेवा को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं नागरिक-अनुकूल बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य आम लोगों को सम्मानजनक वातावरण में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता राजस्व, सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था, सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
CMO Bihar Information & Public Relations Department, Government of Bihar Samrat Choudhary General Administration Department, Govt. of Bihar News18 Bihar Press Information Bureau - PIB, Government of India DDNewsLive Social Welfare Department, Government of Bihar Prasar Bharati News Services PMO India
4 views | Gaya, Bihar | Jul 24, 2026