चित्रकूट: एमएलसी चुनाव को लेकर मानिकपुर में पुलिस का निरीक्षण, ASP ने की पैदल गश्त
चित्रकूट, 22 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए चित्रकूट पुलिस अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय ने मानिकपुर थाना क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को चेक किया और ड्यूटी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में चुनाव प्रचार सामग्री, अवांछनीय भीड़ और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पीठासीन अधिकारियों से बातचीत कर मतदान प्रक्रिया की जानकारी ली तथा मतपेटिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
मतदान केंद्रों पर बैरिकेडिंग, पेयजल और छाया जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था भी देखी गई, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल के साथ कस्बा मानिकपुर में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने आमजन से संवाद कर भयमुक्त होकर मतदान करने की अपील की। साथ ही लोगों को अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग भी की।
अपर पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी मऊ और प्रभारी निरीक्षक मानिकपुर को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने, सतर्कता बनाए रखने तथा आदर्श आचार संहिता का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन ने चुनाव के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई।
Karwi, Chitrakoot | Oct 22, 2026