चित्रकूट एमएलसी चुनाव
बड़ी खबर चित्रकूट से है, जहां झांसी-प्रयागराज खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव का प्रचार थम चुका है। अब शुक्रवार, 23 अक्टूबर को जिले के 11 हजार 391 स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
आपको बता दें कि चुनाव प्रचार बुधवार शाम 5 बजे समाप्त हो गया। मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार को ब्लॉक मुख्यालयों से पोलिंग पार्टियां मतदान सामग्री के साथ रवाना कर दी गईं।
चित्रकूट जिले में छह मतदान केंद्रों पर कुल 13 बूथ बनाए गए हैं। इनमें चित्रकूट इंटर कॉलेज कर्वी, मानिकपुर, पहाड़ी, मऊ और रामनगर ब्लॉक मुख्यालय सहित नगर पंचायत कार्यालय राजापुर शामिल हैं।
इस चुनाव में कुल 16 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। प्रमुख प्रत्याशियों में भाजपा के अशोक कुमार राठौर और समाजवादी पार्टी के डॉ. मानसिंह यादव शामिल हैं।
वहीं, जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रशेखर ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची में नाम की स्पेलिंग में मामूली टाइपिंग की गलती होने पर पात्र मतदाताओं को मतदान से वंचित नहीं किया जाएगा।
अब देखना होगा कि स्नातक मतदाताओं का समर्थन किस प्रत्याशी के पक्ष में जाता है और एमएलसी चुनाव में किसे मिलती है जीत।
चित्रकूट से, Daily 24 भारत के लिए।