चित्रकूट। जिले के पहाड़ी कस्बे में खाद की किल्लत से किसानों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। गुरुवार को खाद की उम्मीद लेकर सुबह से ही पहाड़ी पहुंचे किसानों को दिनभर इंतजार करने के बाद भी मायूस होकर घर लौटना पड़ा। वहीं, कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन पर जाने से खाद वितरण व्यवस्था को लेकर किसानों की चिंता और बढ़ गई है।
किसानों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्र के आसपास के कई गांवों से महिला, पुरुष और बुजुर्ग किसान खाद लेने के लिए पहुंच रहे हैं। किसान सुबह से ही लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते हैं, लेकिन खाद नहीं मिलने के कारण उन्हें खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है। इससे खेती-किसानी प्रभावित होने के साथ ही किसानों का समय और पैसा भी बर्बाद हो रहा है।
किसानों ने आरोप लगाया कि खाद उपलब्ध कराने को लेकर पहले भी आश्वासन दिया गया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। कर्मचारियों के धरने पर जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है। खाद की कमी के बीच किसानों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ और खाद उपलब्ध नहीं कराई गई, तो वे जिलाधिकारी की चौखट पर पहुंचकर अपनी फरियाद रखेंगे। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि पहाड़ी में खाद की पर्याप्त व्यवस्था कराई जाए, ताकि उन्हें बार-बार परेशान होकर वापस न लौटना पड़े। अब देखना होगा कि प्रशासन किसानों की समस्या का समाधान कब तक करता है।