चित्रकूट में स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर पुलिस बल की ब्रीफिंग, निष्पक्ष मतदान कराने के दिए निर्देश
चित्रकूट। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव-2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन चित्रकूट में पुलिस बल की ब्रीफिंग की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय ने चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को आदर्श आचार संहिता का पालन करने और पूरी तरह राजनीतिक तटस्थता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए और मतदान के लिए एकत्रित भीड़ में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर सतर्क नजर रखी जाए।
उन्होंने निर्देशित किया कि मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में मतदाताओं को डराने-धमकाने, वोट मांगने या मतदान को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। पुलिसकर्मी पीठासीन अधिकारियों, मतदान कर्मियों, मतदाताओं और मतदान एजेंटों के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार करें।
अपर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कोई भी पुलिसकर्मी किसी प्रत्याशी या राजनीतिक दल के पक्ष अथवा विरोध में गतिविधि नहीं करेगा। चुनाव से जुड़े किसी उम्मीदवार या उसके एजेंट से कोई सुविधा या सामग्री स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही मतदान स्थल पर प्रतिबंधित सामग्री ले जाने से रोकने और मतपेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को वरिष्ठ अधिकारियों, जोनल एवं सेक्टर अधिकारियों तथा जिला कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर अपने पास रखने को कहा। मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर सत्येन्द्र सिंह, क्षेत्राधिकारी फायर सर्विस यदुनाथ यादव, प्रतिसार निरीक्षक रामाशीष यादव, प्रभारी मीडिया सेल निरीक्षक विजय कुमार सिंह, प्रभारी चुनाव सेल निरीक्षक शिवआसरे सहित चुनाव ड्यूटी में नियुक्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।