ग्यारहवें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर 50 बिस्तरीय आयुर्वेद चिकित्सालय का भूमि पूजन संपन्न
---
15 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से छैगांवदेवी में होगा चिकित्सालय का निर्माण
---
ग्यारहवें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर बुधवार को छैगांवमाखन ब्लॉक के छैगांवदेवी में 50 बिस्तरीय आयुर्वेद चिकित्सालय के निर्माण कार्य का भूमि पूजन संपन्न हुआ। चिकित्सालय का वर्चुअल शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित पं. खुशीलाल आयुर्वेद महाविद्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम के माध्यम से किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयुष मंत्री श्री इंदरसिंह परमार ने की। 15 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले इस 50 बिस्तरीय आयुर्वेद चिकित्सालय का स्थानीय स्तर पर भूमि पूजन खंडवा लोकसभा सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटील, पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे, खंडवा विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तनवे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानेखेड़े, खंडवा महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुआ। इसके पश्चात अतिथियों ने भगवान धन्वंतरि के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर धन्वंतरि आराधना एवं स्तुति कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटील ने खंडवा जिले को आयुष चिकित्सालय की सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान आयुष विभाग द्वारा किए गए कार्यों की भी सराहना की। पंधाना विधायक श्रीमती छाया गोविंद मोरे ने 50 बिस्तरीय आयुर्वेद चिकित्सालय को पंधाना विधानसभा क्षेत्र एवं खंडवा जिले की जनता के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में आयुर्वेद चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा। इस अवसर पर खंडवा विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तनवे एवं महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा ने 50 बिस्तरीय आयुर्वेद चिकित्सालय की प्रस्तावित सुविधाओं एवं जिले में आयुष विभाग द्वारा संचालित अन्य संस्थाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान कार्यक्रम में जनपद पंचायत सदस्य श्री महेंद्रसिंह सावनेर, श्री हरिश कोटवाले, सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं आयुष विभाग के चिकित्सक एवं अधिकारी-कर्मचारियों के साथ निर्माण एजेंसी के अधीक्षण यंत्री श्री शशिकांत त्रिपाठी भी मौजूद रहे
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Department of Ayush, Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
#khandwa
37 views | Khandwa, Madhya Pradesh | Sep 23, 2026