प्रदेश संगठन सचिव अजीत कुमार ने दी कार्यकारिणी बैठक की जानकारी, कई महत्वपूर्ण निर्णय
पटना से लौटने के उपरांत बिहार राज्य व्यवहार न्यायालय कर्मचारी संघ के प्रदेश संगठन सचिव सह शेखपुरा व्यवहार न्यायालय कर्मचारी संघ के मीडिया प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि संघ न्यायालय कर्मचारियों के अधिकारों, सम्मान एवं न्यायोचित मांगों की पूर्ति के लिए निरंतर संघर्षरत है। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में संगठन के चुनाव अभी तक संपन्न नहीं हो सके हैं, वहां शीघ्र चुनाव प्रक्रिया पूर्ण कर संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पटना सिविल कोर्ट के समीप स्थित जुबली पार्क में बिहार राज्य व्यवहार न्यायालय कर्मचारी संघ की कार्यकारिणी बैठक प्रदेश अध्यक्ष राजेश्वर तिवारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों से आए जिला अध्यक्षों, जिला सचिवों, महामंत्री एवं प्रदेश पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में संगठन की मजबूती, न्यायालय कर्मचारियों के हितों की रक्षा, लंबित समस्याओं के समाधान तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 9 अगस्त को पटना के गर्दनीबाग में राज्यस्तरीय आम सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कर्मचारियों की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की जाएगी।
कार्यकारिणी ने संघ की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा संगठनात्मक ढांचे को मजबूत बनाने पर भी बल दिया। न्यायालय की गरिमा एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए कर्मचारियों से कर्तव्यनिष्ठा एवं कार्य संस्कृति को प्राथमिकता देने का आह्वान किया गया।
बैठक में न्यायालय कर्मचारियों के प्रति हो रहे शोषण, सेवा संबंधी कठिनाइयों एवं अन्य समस्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए उनके समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाने तथा आवश्यकता पड़ने पर चरणबद्ध आंदोलन चलाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं कर्मचारी हितैषी बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
#BiharCourtEmployeesUnion #Patna #JudicialEmployees #Sheikhpura #AjitKumar #NewsUpdate #शेखपुरा #bihar #BiharPolice