दीपावली की भीड़ में खुद सड़क पर उतरे एसडीओ, संभाली यातायात की कमान
लोहिया चौक पर वाहनों का दबाव बढ़ते ही लिया त्वरित एक्शन, रूट डायवर्ट कर जाम से दिलाई राहत
पीरो ( आरा )। दीपावली की खरीदारी को लेकर शनिवार दोपहर पीरो बाजार में उमड़ी भीड़ के बीच जब लोहिया चौक पर वाहनों का दबाव बढ़ने लगा तो अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण कुमार उपाध्याय खुद सड़क पर उतर आए। चौक पर बिगड़ती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए उन्होंने न केवल मोर्चा संभाला, बल्कि काफी देर तक भीड़ और वाहनों को नियंत्रित करने में जुटे रहे।
लोहिया चौक पर बढ़ते दबाव को देखते हुए एसडीओ ने तत्काल यातायात मार्ग में बदलाव का निर्णय लिया और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके तहत गांधी चौक पर एसआई सरताज नासीर को यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई। आरा से सासाराम जाने वाले वाहनों को बाईपास के रास्ते ज्वाला मार्केट स्थित शिव मंदिर के पास स्टेट हाईवे पर निकाला गया। वहीं, आरा की ओर जाने वाले वाहनों को भी इसी वैकल्पिक मार्ग से गांधी चौक की ओर भेजा गया।
प्रशासन की इस त्वरित पहल से लोहिया चौक पर वाहनों का दबाव कम हुआ और जाम की स्थिति से लोगों को काफी राहत मिली। त्योहार की भीड़ के बीच एसडीओ की सक्रियता और खुद सड़क पर उतरकर व्यवस्था संभालने की पहल ने यह साफ कर दिया कि प्रशासन यातायात व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है।
Arrah, Bhojpur | Nov 7, 2026