7 जुलाई को जिले की 47पंचायतों में लगेगा सहयोग शिविर, आमजन की समस्याओं का होगा ऑन-द-स्पॉट समाधान
डीएम ने दिए बेहतर व्यवस्था के निर्देश, प्रत्येक शिविर के लिए वरीय, प्रभारी एवं पुलिस पदाधिकारी तैनात
~~~~~~~~~~~~~~~~~~~
मुजफ्फरपुर,
6 जुलाई, 2026
जिले में आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से 7 जुलाई को जिले के विभिन्न प्रखंडों की 47 पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहकर लोगों की शिकायतों एवं आवेदनों का निष्पादन करेंगे तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराएंगे। कार्यक्रम के अनुसार बंदरा प्रखंड के सिमराचक श्रीकंठ एवं तेपरी, गायघाट के बोआरीडीह, लोमा एवं कनरथू, कुढ़नी की छजन हरिशंकर पूर्वी, किशुनपुर मोहिनी एवं बलौरडीह, मीनापुर के हरशेर, अली नेवउरा एवं कोईली, मोतीपुर की जाटौलिया, पकड़ी एवं जसौली, मुरौल की सादिकपुर मुरौल एवं बिशनपुर बखरी, मुसहरी की पताही मधुबनी, मझौली खेतल, कांटी की मणिफुलकहां, हरचंदा एवं गोदाई फुलकहां, पारू की कटारू, ग्यासपुर एवं फतेहाबाद, साहेबगंज की बिशुनपुर पट्टी, बिशनपुर कल्याण एवं गौंडा, सरैया की कोल्हुआ, चकइब्राहिम एवं सरैया, औराई की भदई, बसंत एवं सरहंचिया, बोचहां की झपहा, रामपुर जयपाल एवं पटियासा, मड़वन की जियन खुर्द, गवसरा एवं महम्मदपुर खाजे, कटरा की शिवदासपुर, धनौर एवं कटरा तथा सकरा की भरथीपुर, डिहुली इशहाक एवं रामपुर मणी पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा।
इन शिविरों में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पेयजल, आपूर्ति, श्रम, बाल विकास, पशुपालन, बैंकिंग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। शिविर में आने वाले लोगों की समस्याओं एवं आवेदनों का यथासंभव मौके पर ही निष्पादन किया जाएगा, जबकि जटिल मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही पात्र लाभुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने की भी कार्रवाई की जाएगी।
सहयोग शिविर के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। जिला पदाधिकारी श्री कुमार गौरव के निर्देश पर प्रत्येक शिविर के लिए वरीय पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी संबंधित अधिकारियों को समय पर शिविर स्थल पर उपस्थित रहकर निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करने तथा आम लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा है कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों का बार-बार चक्कर लगाने से मुक्ति दिलाना तथा उनकी समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही सुनिश्चित करना है। इसलिए सभी विभागीय अधिकारी पूरी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें। किसी भी लाभुक को अनावश्यक रूप से प्रतीक्षा नहीं करनी पड़े तथा सभी प्राप्त आवेदनों का विधिवत पंजीकरण एवं त्वरित निष्पादन किया जाए।
उन्होंने सभी शिविर स्थलों पर बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, पंखा, छाया, साफ-सफाई तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है, ताकि शिविर में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध कराने तथा भीड़ प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों से कहा है कि वे शिविर का संचालन पूरी पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ करें तथा अधिकाधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सहयोग शिविरों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी तथा प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की समीक्षा भी की जाएगी। जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटवर्ती पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में पहुंचकर सरकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं का समाधान कराएं तथा उपलब्ध सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाएं।