श्री जीण शक्ति मंगलपाठ व वार्षिक महोत्सव 15 को, शहर में चलाया निमंत्रण अभियान
स्वच्छता और पर्यावरण चेतना का भी प्रतीक बनेगा श्री जीण माता का वार्षिक महोत्सव : विजय सिंहमार
भिवानी : जीण मां के लाडले जन सेवा समिति (रजि.) द्वारा 15 नवंबर को आयोजित होने वाले श्री जीण शक्ति मंगलपाठ एवं वार्षिक महोत्सव और भंडारे को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इस भव्य धार्मिक आयोजन के तहत शहर में पांच हजार से अधिक लोगों को आमंत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके तहत बुधवार को भी सघन निमंत्रण अभियान पूरी सक्रियता के साथ जारी रहा। स्थानीय हनुमान ढाणी चौक स्थित पुष्प वाटिका में आयोजित होने वाले इस महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। समिति से जुड़े सदस्यों ने शहर के विभिन्न वार्डों, बाजारों और कॉलोनियों में घर-घर जाकर नागरिकों को सपरिवार इस धार्मिक उत्सव में शामिल होने का निमंत्रण पत्र सौंपा। कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए आयोजकों ने बताया कि रविवार दोपहर 3:15 बजे से मंगलपाठ व भजन संकीर्तन का शुभारंभ होगा, जो देर रात तक चलेगा। इसके साथ ही सायं 7:15 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में चंडीगढ़ से आशीष देशवाल, अबोहर से राजू निरानिया तथा जयपुर से ज्योति पाराशर व अनिल पाराशर अपनी सुमधुर आवाज में भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। 108 मीटर लंबी चुनरी इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगी। निमंत्रण अभियान के दौरान पर्यावरण प्रहरी विजय सिंहमार ने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर प्रकाश डाला और श्रद्धालुओं से पर्यावरण संरक्षण का आह्वान किया। विजय सिंहमार ने कहा कि धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति और आस्था की पहचान हैं, लेकिन इसके साथ ही प्रकृति की रक्षा करना भी हर नागरिक का परम धर्म है। उन्होंने कहा कि श्री जीण माता का यह वार्षिक महोत्सव केवल श्रद्धा का संगम ही नहीं, बल्कि स्वच्छता और पर्यावरण चेतना का भी प्रतीक बनेगा। हमने आयोजन समिति के साथ मिलकर निर्णय लिया है कि भंडारे और कार्यक्रम स्थल पर सिंगल-यूज प्लास्टिक व थर्मोकोल के बर्तनों का पूरी तरह बहिष्कार किया जाएगा। श्रद्धालुओं से भी अपील है कि वे कचरा नियत स्थानों पर ही डालें और अन्न का आदर करते हुए बर्बादी न होने दें। जब धर्म और प्रकृति का संतुलन एक साथ सधता है, तभी समाज को सकारात्मक दिशा मिलती है। इस अवसर पर अनिल सोनी, सतनाम सैनी, कृष्ण सोनी, मोहित सोनी, सुरेश सिंगला, दीपक गुप्ता, शिवम गुप्ता, अरुण टिंकर, संजय कौशिक, अशोक कुमार, कुलदीप वर्मा, लीलू साइकिल वाला सहित अनेक श्रद्धालुगण मौजूद रहे।
Bhiwani, Bhiwani | Nov 12, 2026