समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 04 सितम्बर 2026
बाढ़-आपदा की स्थिति को लेकर जिला पदाधिकारी ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश
आज दिनांक 04 सितम्बर 2026 को जिला पदाधिकारी, बक्सर श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में बाढ़-आपदा से संबंधित समीक्षा बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा बाढ़ की वर्तमान स्थिति एवं संभावित परिस्थितियों को देखते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहेंगे तथा बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करना सुनिश्चित करेंगे।
संध्या 04:00 बजे के बाद नाव परिचालन पर रोक लगाने हेतु सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार सामुदायिक रसोई संचालित कराने का निर्देश दिया गया।
पथ निर्माण विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग को निर्देश दिया गया कि बाढ़ के पानी से किसी भी पथ के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए उक्त पथ को आवागमन योग्य बनाना सुनिश्चित करें।
सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में "क्या करें, क्या न करें" से संबंधित आवश्यक सावधानियों एवं दिशा-निर्देशों का माइकिंग के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया गया।
सिविल सर्जन, बक्सर को पर्याप्त संख्या में हैलोजन टैबलेट, आवश्यक दवाएं एवं एंटी-वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, आवश्यकता के अनुसार बोट एंबुलेंस का संचालन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, बक्सर को फ्लड फाइटिंग हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखने तथा पर्याप्त मात्रा में आवश्यक सामग्री संबंधित स्थलों पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
जिला कृषि पदाधिकारी को बाढ़ से प्रभावित फसलों के क्षति आकलन का निर्देश दिया गया। वहीं, जिला पशुपालन पदाधिकारी को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार पशु चारा वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विद्यालयों के संचालन के दृष्टिगत विद्यालयों की टैगिंग सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
कार्यपालक अभियंता लोक स्वास्थ्य प्रमंडल बक्सर को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चलंत शौचालय एवं पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति बक्सर को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति से संबंधित स्थिति का आकलन कर आवश्यक एवं यथोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव को अविलंब नियंत्रण कक्ष स्थापित करने हेतु निर्देशित किया गया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्ती एवं सुरक्षात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को व्यापक साफ-सफाई कराने तथा जलजमाव से मुक्ति हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में एंटी-लार्वा स्प्रे का छिड़काव सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तत्काल प्रभाव से संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों का अवकाश रद्द कर दिया गया है। सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने-अपने दायित्वों का तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया गया।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar Buxar Administration Buxar Police CMO Bihar Samrat Choudhary जिला प्रशासन बक्सर Disaster Management Department Govt. of Bihar #IPRDBihar #BuxarNews #buxarcity #buxarjila #bihar #buxar
Buxar, Bihar | Sep 4, 2026