कॉस्मेटिक और जनरल स्टोर में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
मुरैना। सबलगढ़ में मंडी संतर नंबर 1 और 2 के बीच स्थित गली बाजार में शनिवार शाम एक कॉस्मेटिक एवं जनरल स्टोर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा कॉस्मेटिक, गिफ्ट और जनरल स्टोर का पूरा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। दुकान मालिक के अनुसार आग से लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
फतेहचंद कॉलोनी निवासी महावीर गुप्ता की मंडी संतर नंबर 1 और 2 के बीच गली बाजार में महावीर कॉस्मेटिक एंड जनरल स्टोर के नाम से दुकान है। महावीर गुप्ता ने सबलगढ़ थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार शाम वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। इसी दौरान दुकान में आग लग गई। पड़ोसी दुकानदार ने फोन कर आग लगने की सूचना दी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे।
दुकान का ताला खोलते ही आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें और धुआं प्रथम तल तक पहुंच गए, जहां रखा सामान भी इसकी चपेट में आ गया। दुकान में रखे कॉस्मेटिक, गिफ्ट और जनरल स्टोर के सामान को भारी नुकसान पहुंचा।
स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच दुकान से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली। सूचना पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। पानी खत्म होने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी दोबारा पानी भरकर मौके पर पहुंची।
घटना की सूचना मिलते ही सबलगढ़ थाना नगर प्रभारी पंकज मुद्गल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। आग से दुकान का पूरा स्टॉक जलने के कारण व्यापारी को लाखों रुपए के नुकसान की आशंका है।
#morena #मुरैना #सबलगढ़