जींद से हरियाणा को ₹14,700 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात, भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन राष्ट्र को समर्पित...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जींद से हरियाणा में विकास के नए युग की शुरुआत हुई है। प्रधानमंत्री द्वारा ₹14,700 करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। साथ ही भारत की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन फ्यूल सेल ट्रेन को राष्ट्र को समर्पित किया गया। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने इसे हरियाणा के साथ पूरे देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
फरीदाबाद में आयोजित कार्यक्रम के तहत हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय तथा नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल हाइड्रोजन बस के माध्यम से बल्लभगढ़ पहुंचे। उन्होंने अटल ऑडिटोरियम में आयोजित ‘विकसित हरियाणा-विकसित भारत रैली’ के जिला स्तरीय लाइव प्रसारण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों के साथ सहभागिता की।
इस अवसर पर विपुल गोयल ने कहा कि यह दिन केवल जींद और हरियाणा के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे भारत के लिए ऐतिहासिक है। भारत की पहली हाइड्रोजन फ्यूल सेल ट्रेन आत्मनिर्भरता, नवाचार, हरित ऊर्जा और आधुनिक तकनीक की दिशा में देश की बढ़ती ताकत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पर्यावरण संरक्षण के प्रति भारत की प्रतिबद्धता और विकसित भारत के संकल्प को भी मजबूत करती है।
कैबिनेट मंत्री ने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से आम लोगों के जीवन में बदलाव लाने का प्रयास किया गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भी विकसित भारत के विजन को धरातल पर उतारने के लिए लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम के बाद बल्लभगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को नए आवासों की चाबियां सौंपी गईं। इसके साथ ही हरियाणा नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) का भी वितरण किया गया। विपुल गोयल ने लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि जींद से मिली विकास परियोजनाओं की यह सौगात हरियाणा के आधारभूत ढांचे को मजबूती देने के साथ निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी। इससे प्रदेश को ‘विकसित हरियाणा-विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री एवं फरीदाबाद सांसद कृष्णपाल गुर्जर, मेयर प्रवीण जोशी, विधायक मूलचंद शर्मा, धनेश अदलखा, सतीश फागना, पूर्व विधायक नरेंद्र गुप्ता, टेकचंद शर्मा सहित पार्टी के पदाधिकारी, पार्षद, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
Panipat, Panipat | Jul 17, 2026