क्रमिक अनशन का 5वां दिन: आंदोलनकारियों का साथ देने अनशन स्थल पर बैठीं स्कूल की छात्राएं; मनाने पहुंचे कार्यवाहक एसडीएम।
सलूणी (चम्बा):
मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल सलूणी में विज्ञान (सब्जेक्ट) का एक भी शिक्षक न होने के खिलाफ चल रहा जन-आंदोलन अब एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। क्रमिक अनशन के 5वें दिन आंदोलन स्थल पर उस समय बेहद संवेदनशील स्थिति पैदा हो गई, जब स्कूल की छात्राएं अपनी पढ़ाई छोड़ सरकार के खिलाफ अनशन पर बैठे आंदोलनकारियों के साथ धरने पर बैठ गईं।
बेटियों के इस आक्रोश और हौसले को देखकर स्थानीय प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। स्थिति बिगड़ती देख कार्यवाहक एसडीएम (तहसीलदार) श्री अभिराय सिंह ठाकुर को तुरंत अनशन स्थल पर पहुंचना पड़ा।
प्रशासन और अभिभावकों ने मिन्नतें कर बच्चियों को भेजा वापस
अनशन स्थल पर मौजूद आंदोलनकारियों, अभिभावकों और कार्यवाहक एसडीएम श्री अभिराय सिंह ठाकुर ने देश के भविष्य और बच्चियों की पढ़ाई का हवाला देते हुए उन्हें बहुत मुश्किल से समझा-बुझाकर वापस क्लास में भेजा। इस दौरान प्रशासन की तरफ से बच्चियों को आश्वासन दिया गया कि शिक्षा मंत्री श्री रोहित ठाकुर ने आंदोलन की गूंज सुनते हुए उनकी मांग को अगले 2 दिनों के भीतर पूरा करने का लिखित/मौखिक वादा किया है।
बेटियों की खुली चेतावनी: "दबाव बनाया, तो परिणाम भुगतने को तैयार रहे प्रशासन"
क्लास रूम में वापस लौटने से पहले छात्राओं ने प्रशासनिक अधिकारियों और सरकार के नुमाइंदों को दोटूक शब्दों में चेतावनी दी है। बच्चियों ने साफ लहजे में कहा:
"हम सिर्फ 2 दिन का समय दे रहे हैं। अगर 2 दिनों के भीतर स्कूल में विज्ञान के शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हुई, तो हम किसी की नहीं सुनेंगे। अगर इसके बाद हमारे ऊपर किसी भी तरह का प्रशासनिक दबाव बनाने की कोशिश की गई, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन और सरकार की होगी।"
Suneel Pahadi ✍️
Pahadi News
#PMShriSchools #himachalpradesh
Chamba, Chamba | Jun 22, 2026