ऋषिकेश में नाबालिग से दुष्कर्म होटल मैनेजर और संचालक भी गिरफ्तार
ऋषिकेश में 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में देहरादून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी को घटना की शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर हरिद्वार से गिरफ्तार किया गया। मामले में होटल प्रबंधन की भूमिका सामने आने पर होटल मैनेजर और संचालक को भी गिरफ्तार किया गया है। साथ ही होटल का लाइसेंस निरस्त करने के लिए एसडीएम ऋषिकेश को रिपोर्ट भेजी गई है। पुलिस के मुताबिक 30 अगस्त को नाबालिग के परिजनों ने ऋषिकेश कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 29 अगस्त को मुजफ्फरनगर निवासी 21 वर्षीय सोफियान नाबालिग को बहला- फुसl पुराने रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ मारपीट और दुष्कर्म किया गया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने नाबालिग को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और 31 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी सोफियान को हरिद्वार में सिंहद्वार फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसमें घटना से संबंधित फोटो और वीडियो मिलने की बात पुलिस ने कही है। जांच में पुलिस को होटल में नाबालिग को बिना उचित पहचान और सत्यापन के ठहराने तथा जरूरी रजिस्टर में प्रविष्टि नहीं करने की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार घटना की जानकारी होने के बावजूद होटल प्रबंधन ने पुलिस या संबंधित सहायता एजेंसी को सूचना नहीं दी। पूछताछ में सीसीटीवी कैमरे बंद किए जाने के तथ्य भी सामने आए। इसके बाद होटल मैनेजर वैभव गुप्ता और संचालक राहुल अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया। मामले में पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की अतिरिक्त धाराएं जोड़ी गई हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं संबंधित होटल का लाइसेंस निरस्त करने के लिए सराय एक्ट के तहत उप जिलाधिकारी ऋषिकेश को रिपोर्ट भेजी गई है। मामले की विवेचना जारी है।