कुम्हेर में अवैध शराब बिक्री पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, तीन गांवों में दी दबिश
कुम्हेर। क्षेत्र के बेलारा कलां गांव में कथित अवैध शराब बिक्री के विरोध में युवाओं के आंदोलन के बाद आबकारी विभाग और पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को गांव के चार युवक पानी की टंकी पर चढ़ गए थे और शराब की बिक्री बंद कराने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था।
इसके बाद आबकारी विभाग और पुलिस की टीम ने बेलारा कलां, नगला बर्घरा और बेलारा खुर्द गांवों में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान नगला बर्घरा में कथित रूप से शराब बेचते हुए रनधीर जाटव को पकड़ा गया, जिसे गिरफ्तार किया गया है।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही शराब बेचने और पीने वालों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि कई लोग मौके से भाग निकले।
इधर, युवाओं ने शराब के खिलाफ अभियान शुरू किया है। अभियान से जुड़े युवाओं का कहना है कि गांव में शराबखोरी और अवैध शराब बिक्री को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। युवाओं ने नारा दिया— “या तो शराब पीना छोड़ो, या अपना गांव छोड़ दो।”
युवाओं ने कहा कि यदि अवैध शराब की बिक्री और शराबखोरी पर रोक नहीं लगी तो आबकारी पुलिस के सहयोग से आगे भी कार्रवाई करवाई जाएगी। अभियान में नंद किशोर, राजकुमार, अजीत, राहुल फौजदार, बबलू बैलारा सहित अन्य युवा जुड़े हुए हैं।
आबकारी विभाग की कार्रवाई के बाद अब देखने वाली बात होगी कि क्षेत्र में कथित अवैध शराब की बिक्री पर कितना अंकुश लग पाता है।
Weir, Bharatpur | Aug 24, 2026