#भरतपुर। युवा जाट आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक भगत सिंह सूरौता के नेतृत्व में समिति सदस्यों ने विभिन्न कोचिंग संस्थानों का दौरा किया। यहाँ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं और युवाओं को 22 जून को नुमाइश मैदान में होने वाली 'जाट आरक्षण हुंकार सभा' में शामिल होने के लिए पीले चावल बांटकर आमंत्रण दिया गया। युवाओं को संबोधित करते हुए भगत सिंह सूरौता ने कहा कि केंद्र में ओबीसी आरक्षण युवा और छात्रों का हक है। भरतपुर, धौलपुर और डीग जिलों के बच्चे राजस्थान के अन्य जिलों से ज्यादा नंबर लाकर भी आरक्षण के अभाव में चयन से वंचित रह जाते हैं। माता-पिता अपनी खून-पसीने की कमाई बच्चों की पढ़ाई पर खर्च करते हैं, इसलिए यह हुंकार सभा दिल्ली तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए आयोजित की जा रही है। संवाद के दौरान छात्रों और युवाओं ने एक स्वर में अपने भविष्य और हक की इस लड़ाई में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कुलदीप सिंह, शक्ति सिंह एडवोकेट, छोटू सिंह, ओमवीर सिंह, अजय सिंह, हरभान सिंह, लोकेंद्र, बृजेश सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।