#छतरपुर : एसपी रजत सकलेचा की बड़ी कार्रवाई, राजेश अग्रवाल हत्याकांड में 6 नामज़द आरोपियों पर मामला दर्ज
छतरपुर। शहर के बहुचर्चित राजेश अग्रवाल हत्याकांड मामले में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 लोगों के खिलाफ नामज़द एफआईआर दर्ज कराई है। आरोपियों पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने और धमकाने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ओरछा रोड थाने में देर रात सीएसपी अरुण कुमार सोनी और थाना प्रभारी लेखराज मीणा (आईपीएस) द्वारा एफआईआर दर्ज कराई गई। गौरतलब है कि करीब 5 दिन पहले राजेश अग्रवाल का शव उनके कमरे से बरामद किया गया था। ओरछा रोड पुलिस के एसआई दीपक यादव ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला था। मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला था, जिसमें कुछ लोगों के नाम लिखे होने की बात सामने आई थी।
पुलिस ने मामले की जांच के बाद जिन 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, उनमें रोहित उर्फ छोटू पटैरिया, अनवर खान, शरद अग्रवाल, सुरेश नौगरिया, मुलु उर्फ दीपक अग्रवाल और हमीद उर्फ कल्लू कलई शामिल हैं।
इस कार्रवाई के बाद शहर में मामला एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।