चंबा-भरमौर में भूकंप के तेज झटकों से दहशत, हिली धरती घरों से बाहर निकले लोग, पड़ोसी राज्य पंजाब में भी महसूस हुए भूकंप के झटके
कांगड़ा, धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में भी महसूस हुए कंपन
चंबा/भरमौर, 5 जून।
शुक्रवार रात चंबा, भरमौर, कांगड़ा और प्रदेश के कई हिस्सों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। झटके महसूस होते ही कई लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों और भवनों से बाहर निकल आए। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने भूकंप के झटके महसूस होने की पुष्टि की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भूकंप की तीव्रता करीब 5.0 बताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। झटके चंबा और भरमौर के अलावा कांगड़ा, धर्मशाला, पालमपुर, मंडी, कुल्लू, शिमला तथा चंडीगढ़ तक महसूस किए गए। कई स्थानों पर लोगों ने बताया कि धरती कुछ सेकंड तक हिलती रही, जिससे लोग घबरा गए।
कांगड़ा क्षेत्र में झटके अपेक्षाकृत अधिक महसूस होने के कारण लोग तुरंत घरों से बाहर निकल आए। देर रात तक किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली थी, लेकिन प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
भूकंप के बाद लोगों ने एक-दूसरे का हालचाल जानने के लिए फोन और सोशल मीडिया का सहारा लिया। विशेषज्ञों के अनुसार हिमाचल प्रदेश भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में आता है, इसलिए ऐसे झटके समय-समय पर महसूस होते रहते हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।