मंडला पुलिस लाइन में मनाया गया पुलिस स्मृति दिवस
शहीद पुलिसकर्मियों एवं सुरक्षा बलों के जवानों को दी गई श्रद्धांजलि
पुलिस लाइन मंडला में 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर देश की सुरक्षा एवं कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले 154 पुलिसकर्मियों एवं सुरक्षा बलों के जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इनमें मध्यप्रदेश के 9 शहीद जवान भी शामिल हैं।
कार्यक्रम में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया। इस दौरान राष्ट्र की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं नागरिकों की रक्षा के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग करने वाले वीर जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं बलिदान का स्मरण किया गया।
कार्यक्रम में मंडला जिले के शहीद पुलिसकर्मियों के परिजन भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके, सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, विधायक श्री नारायण सिंह पट्टा, वरिष्ठ समाजसेवी श्री प्रफुल्ल मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने शहीदों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। जनप्रतिनिधियों ने शहीदों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए शहीद जवानों का सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके परिजनों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।
पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी ने पुलिस स्मृति दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए पुलिसकर्मियों की स्मृति में प्रतिवर्ष पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
मंडला पुलिस
Sampatiya Uikey
Faggan Singh Kulaste
Home Department of Madhya Pradesh
Mandla, Madhya Pradesh | Oct 21, 2026