उमंग, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस
स्वर्णिम मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए एकजुट होकर कार्य करने का राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने किया आह्वान
शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास में जनभागीदारी निभाने की अपील, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
मेधावी विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि, किसानों को ट्रैक्टर, बुलेट एवं इलेक्ट्रिक स्कूटी से किया गया पुरस्कृत
सिंगरौली, 1 नवम्बर 2026। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में प्रदेश का 71वां स्थापना दिवस उमंग, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन अटल सामुदायिक भवन, बिलौंजी में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह के मुख्य आतिथ्य में किया गया। समारोह में सिंगरौली विधायक श्री रामनिवास शाह, देवसर विधायक श्री राजेन्द्र मेश्राम, महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल, प्रभारी कलेक्टर श्री संघप्रिय, पुलिस अधीक्षक श्री सियाज के.एम., नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय, प्राधिकरण अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री सुन्दर लाल शाह, पूर्व विधायक राम लल्लू बैस, सुभाष बर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अर्चना सिंह, अध्यक्ष नगर परिषद बरगवा प्रमिला बर्मा, सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।समारोह का शुभारंभ राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' का सामूहिक गायन हुआ। अतिथियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।समारोह में उपस्थित अतिथियों का नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। समारोह में बिमल म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने 'प्यारा लगे अपना मध्यप्रदेश' गीत सहित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने नृत्य एवं गायन के माध्यम से आकर्षक प्रस्तुतियां देकर समारोह को यादगार बनाया।
राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वर्णिम मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए सर्वस्व अर्पण की भावना के साथ हम सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। हमें प्रदेश के लिए जीना है और उसकी उन्नति के लिए निरंतर प्रयास करना है। प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक कार्यों को निष्ठा एवं ईमानदारी से करते हुए भी प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। छोटे-छोटे प्रयास सामूहिक रूप से बड़े परिणाम ला सकते हैं। उन्होंने सभी से प्रदेश एवं देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा विकास की कुंजी है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा न केवल अच्छे संस्कार प्रदान करती है, बल्कि व्यक्ति को विवेकवान भी बनाती है। विद्यार्थियों को अपना लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन एवं मेहनत से शिक्षा प्राप्त करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि सिंगरौली जिला प्रदेश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। बिजली एवं कोयला उत्पादन के लिए पहचान रखने वाला सिंगरौली अब सोना, तांबा एवं लौह अयस्क के उत्पादन के माध्यम से भी देश और प्रदेश के विकास में योगदान देगा।
सिंगरौली विधायक श्री रामनिवास शाह ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा और विकास की उपलब्धियों के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने नागरिकों से प्रदेश की उन्नति एवं सिंगरौली के विकास में सहभागी बनकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की। देवसर विधायक श्री राजेन्द्र मेश्राम ने कहा कि मध्यप्रदेश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश प्रगति और उन्नति की नई ऊंचाइयों को स्पर्श करे, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने प्रदेश एवं देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लेने की अपील की। नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय ने प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत एवं विशिष्टताओं पर प्रकाश डालते हुए स्थापना दिवस की बधाई दी।
प्रभारी कलेक्टर श्री संघप्रिय ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश अपनी विशिष्टताओं एवं उपलब्धियों के कारण गौरवशाली पहचान रखता है। राज्य शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने जिले के विकास में सभी वर्गों से सहयोग एवं सहभागिता की अपेक्षा की।समारोह में मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना के अंतर्गत चार मेधावी विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व प्रतियोगिता 2026 विजेता किसान श्री आशीष सिंह को ट्रैक्टर, श्री रितेश बैस को बुलेट तथा श्री सुदामा बैस को इलेक्ट्रिक स्कूटी प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। इस प्रतियोगिता के माध्यम पहली बार किसानो के लिए बड़ी सख्या में प्रदेश के सभी जिलो में उपयोगी पुरस्कारो का वितरण किया जा रहा है। वही अन्य किसानों को सरसों बीज के पैकेट वितरित किए गए। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आकर्षक प्रस्तुतियां देने वाले विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं बिमल म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान नगर निगम की पूर्व महापौर श्रीमती प्रेमवती खैरवार, पार्षद श्रीमती सीमा जायसवाल, श्री संतोष शाह, श्री रामनरेश शाह, अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी, एसडीएम श्री सुरेश जाधव, तहसीलदार श्रीमती सविता यादव, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कविता त्रिपाठी, डीपीसी श्री आर.एल. शुक्ला तथा नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर श्री आर.पी. बैस सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, छात्र-छात्राएं, आम नागरिक तथा जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh