भिवानी में 71 शिक्षकों को मिला सम्मान
डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जीवन शिक्षा और युवाओं को रहा समर्पित : विधायक घनश्याम सर्राफ
शिक्षक ही समाज के सच्चे मार्गदर्शक और नींव : चेयरमेन शंकर धूपड़
भिवानी, 05 सितंबर : युवा जागृति एवं जन कल्याण मिशन ट्रस्ट तथा महात्मा ज्योतिबा फुले धर्मार्थ ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में भिवानी स्थित हनुमान ढाणी के हनुमान जोहड़ी धाम में राज्य स्तरीय डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षक अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महंत चरणदास महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री एवं भिवानी विधायक घनश्याम सर्राफ ने शिरकत की। वही विशिष्ट अतिथि के तौर पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन शंकर लाल धुपड़ तथा भाजपा जिला अध्यक्ष विरेन्द्र कौशिक शामिल हुए। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया।
इस बारे में जानकारी देते हुए महात्मा ज्योतिबा फुले धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश सैनी, महासचिव विजय सिंहमार पर्यावरण प्रहरी एवं उपाध्यक्ष रिंकू ख्यालीराम ने बताया कि शिक्षा के साथ-साथ जल एवं पर्यावरण संरक्षण व नशा मुक्ति संदेश के साथ-साथ अन्य सामाजिक संदेशों को फैलाने में अग्रणीय रहे 71 गुरूजनों को इस समारोह में सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं का जीवन गढऩे में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक विद्यार्थियों को सपना देखने के लिए प्रेरित करते हैं और उसे पूरा करने का हौसला देते हैं।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन एक महान दार्शनिक, विद्वान, आदर्श शिक्षक और कुशल राजनेता थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन शिक्षा के विस्तार और देश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया। शिक्षा के क्षेत्र में उनके अप्रतिम योगदान के कारण ही उनकी जयंती को पूरे देश में शिक्षक दिवस के रूप में सम्मानपूर्वक मनाया जाता है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ ने कहा कि शिक्षक ही समाज के सच्चे मार्गदर्शक होते हैं। एक शिक्षित और संस्कारवान समाज की नींव रखने में अध्यापकों का सबसे बड़ा हाथ होता है। शिक्षक दिवस पर आयोजित इस प्रकार के राज्य स्तरीय सम्मान समारोह न केवल शिक्षकों का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि युवाओं को भी अपनी संस्कृति और मूल्यों से जुडऩे की प्रेरणा देते हैं। शिक्षा और पर्यावरण को एक साथ जोडक़र कार्यक्रम का आयोजन करना समाज हित में एक अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय कदम है। इस अवसर पर सुखबीर धवन, हरेंद्र पूनिया, सुरेंद्र सिवाड़ा, दिनेश दाधीच, सुनील मुनिया, अंकित सिंहमार, लक्ष्मी सैनी, मास्टर धर्मचंद सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बॉक्स
समारोह में ये शिक्षक हुए सम्मानित
कार्यक्रम में अनिता कौशिक, अनिता रानी, बबीता सैन, भूपेंद्र सिंह, दिवाकर वशिष्ठ, दीवान सिंह, डा. अनिता, डा. अशा, डा. नरेंद्र कुमार, डा. राजकुमार मुंढ़ाल, डा. प्रमिला चौधरी, हरीश कुमार, इंदु, जय किशन, जितेंद्र शास्त्री, कमला, कपूर सैनी, कविता शर्मा, मनबीर सिंह, मंजू आनंद, मीनाक्षी, मीनू शर्मा, मीनाक्षी, मीनाक्षी वधवा, मोनिक, कल्पना, सारिका, मुकेशी, नरेश कुमार, नीलम रानी, नीरज शर्मा, प्रदीप कुमार, पवन कुमार, पिंकी तंवर, पूजा रानी, पूनम देवी, प्रतिमा दहिया, प्रवेश, प्रियांशु वशिष्ठ, प्रोमिला, राधा शर्मा, राजकुमार, राजेश मित्तल, राकेश कुमार, रीनू, साधना कामरा, समृद्धि शर्मा, संत कुमार, सरिता ग्रेवाल, सतबीर देहरान, सविता शेखावत, सीमा, सिमता, सुमन, सुमन परमार, सुनैना, सुनील श्योराण, सुनीता, सुनीता देवी, सुनीता कुमार, सुरेश, सुशील कुमार, वैशाली, विद्यानंद को सम्मानित किया गया।
Bhiwani, Bhiwani | Sep 5, 2026