उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने ब्रह्म मंदिर से ब्रह्म यात्रा का किया शुभारंभ
कार्तिक पूर्णिमा और गुरु पर्व के पावन अवसर पर सुमन सैनी ने टेका माथा, प्रदेशवासियों को दी बधाई
कुरुक्षेत्र, 24 नवंबर। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने सोमवार को कुरुक्षेत्र स्थित पवित्र ब्रह्म मंदिर से ब्रह्म यात्रा के शुभारंभ अवसर पर भाग लिया। उन्होंने ब्रह्म मंदिर में माथा टेका और ब्रह्म यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और खुशी की लहर देखने को मिली।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि आज ब्रह्म यात्रा का शुभारंभ यहां से किया जा रहा है। आज कार्तिक माह की पूर्णिमा भी है, इस पावन अवसर पर उन्होंने सभी देशवासियों और प्रदेशवासियों को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि कार्तिक माह में हमने अनेकों त्योहार मनाए हैं। ये त्योहार हमें हमारी संस्कृति से जोड़ने की प्रेरणा देते हैं। ऐसे कार्यक्रम करने से हमारी आने वाली पीढ़ियों को भी मार्गदर्शन मिलता है। ब्रह्म मंदिर की बहुत मान्यताएं हैं। वे स्वयं भी यहां पर आती रहती हैं और आज उन्हें इस शुभ अवसर पर यहां माथा टेकने का सौभाग्य मिला है।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि ब्रह्म यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में बहुत खुशी और उत्साह है। जितने भी श्रद्धालु यहां आए हैं, सभी में हंसी-खुशी के साथ यात्रा शुरू करने का उत्साह है। उन्हें भी इस यात्रा में शामिल होने का सौभाग्य मिला है, इसके लिए उन्होंने हृदय की गहराइयों से स्वामी जी का धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि इससे पहले वे लाडवा में गुरुद्वारा साहिब गई थीं, जहां गुरु पर्व का कार्यक्रम रखा गया था। उन्होंने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की सभी देशवासियों और प्रदेशवासियों को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि आज पूर्णिमा भी है और कार्तिक माह में हमने बहुत से त्योहार मनाए हैं। इसी दौरान शालिग्राम जी की पूजा भी की गई है। हमारा भारत वर्ष ऐसा देश है, जिसमें त्योहारों का बहुत महत्व है। इन त्योहारों की खूबसूरती यही है कि हम सभी मिल-जुलकर इन्हें मनाते हैं।
उन्होंने कहा कि त्योहार हमें आपसी भाईचारा, प्रेम और एकता का संदेश देते हैं। सभी धर्मों और समुदायों के लोग मिलकर जब त्योहार मनाते हैं तो समाज में सौहार्द और शांति बढ़ती है। कुरुक्षेत्र की धरती तो वैसे भी धर्म, संस्कृति और आध्यात्म की धरती है। यहां से पूरे विश्व को गीता का संदेश मिला है। ब्रह्म यात्रा जैसे आयोजन हमारी संस्कृति और विरासत को आगे बढ़ाने का काम करते हैं।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि बच्चों को भी ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से जोड़ना चाहिए, ताकि वे अपनी संस्कृति और परंपराओं को जान सकें और उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ सकें। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद भी बच्चों को संस्कारों और भारतीय संस्कृति से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने सभी कुरुक्षेत्र वासियों को ब्रह्म यात्रा, कार्तिक पूर्णिमा और गुरु पर्व की बधाई देते हुए कामना की कि प्रदेश में सुख-शांति बनी रहे, सभी के घरों में खुशहाली आए और बच्चों का भविष्य उज्ज्वल हो।
इस अवसर पर मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, पंडित संदीप ओमकार सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।