49,656 रुपये की धोखाधड़ी खाताधारक गिरफ्तार,साइबर थाना की कार्रवाई:पुलिस प्रवक्ता
फरीदाबाद–23 नवंबर।
Aonenews अरविन्द बक्शी
फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना एन आई टी की टीम ने क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड प्वाइंट रिडीम कराने के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में खाताधारक को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान चंदन ठाकुर वासी द्वारका दिल्ली के रुप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सुभाष कालोनी सेक्टर-55 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी थी। शिकायत में उसने बताया कि 14 नवंबर 2026 को उसके पास एक कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने स्वयं को इंडसइंड बैंक प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उसके क्रेडिट कार्ड में 6500 रिवॉर्ड पॉइंट हैं, जिन्हें रिडीम करने का ऑफर आया हुआ है। फिर कथित ठगो ने व्हॉट्सएप पर एक लिंक भेजा जिसमें क्रेडिट कार्ड की डिटेल्स भरने को कहा गया। जिस पर शिकायतकर्ता ने उसमें सभी डिटेल्स भर दी। जिसके बाद शिकायतकर्ता के खाता से 49,656 रुपये कट गये। जिस संबंध में साइबर थाना NIT में ठगी की धाराओ में मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि मामले में आरोपित खाताधारक है जिसके खाता में ठगी के 49,656 रुपये आये थे। जिसने अपना खाता आगे ठगो को दिया था। जो दंसवी पास है व नाई का काम करता है। जिसको माननीय न्यायलय में पेश कर जेल बेजा गया है।
*पुरानी रंजिश में फायरिंग और डंडों से हमला करने के मामले में तीन गिरफ्तार, अपराध शाखा ऊंचा गांव की कार्रवाई*
शिकायतकर्ता को जवाहर कॉलोनी बुलाकर साथियों के साथ मिलकर किया था हमला, वारदात में शामिल तीनों आरोपित दोस्त
आरोपितों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया
फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस द्वारा संगीन अपराधों में संलिप्त आरोपितों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुरानी कहासुनी की रंजिश को लेकर एक व्यक्ति की गाड़ी पर फायरिंग करने और डंडों से हमला करने के मामले में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने 3 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान करण, पुनीत और गुरमीत निवासी जवाहर कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार विजय नगर, बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने थाना सारन में शिकायत दी थी कि 25 अक्टूबर 2026 को उसकी करण और नोनी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस विवाद को सुलझाने के बहाने उसे जवाहर कॉलोनी, एनआईटी फरीदाबाद बुलाया गया। शिकायतकर्ता अपने एक साथी के साथ गाड़ी में वहां पहुंचा तो नोनी, करण और उनके अन्य साथी पहले से ही हथियारों व डंडों से लैस होकर मौजूद थे। आरोपितों ने शिकायतकर्ता की गाड़ी पर फायरिंग की और डंडों से हमला कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना सारन में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए करण, पुनीत और गुरमीत को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि 25 अक्टूबर को करण और नोनी की शिकायतकर्ता के साथ कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए उन्होंने शिकायतकर्ता को जवाहर कॉलोनी बुलाया और अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उसकी गाड़ी पर फायरिंग व डंडों से हमला किया था। गिरफ्तार तीनों आरोपित आपस में दोस्त हैं।
पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान वारदात में शामिल अन्य आरोपितों के संबंध में पूछताछ कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
Faridabad, Faridabad | Nov 23, 2026