पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं सतत विकास को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में जिला प्रशासन मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा ग्राम पंचायत महई में जिला स्तरीय ‘एक पेड़ मां के नाम’ एवं ‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान के अंतर्गत वृहद पौधरोपण एवं जल संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, श्रमिकों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता से बड़े पैमाने पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अनीता सिंह श्याम, जिला पंचायत सदस्य उदित नारायण, जनपद पंचायत मनेन्द्रगढ़ की अध्यक्ष जानकी बाई खुसरो, बीडीसी भैया राम, सरपंच बाबू राम, कलेक्टर सुश्री संतान देवी जांगड़े, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंकिता सोम, जनपद पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली सिंह, एपीओ मो. आरिफ रजा, राज नारायण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अभियान के तहत लगभग 5 एकड़ क्षेत्र में 2500 औषधीय एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। इनमें आंवला, हर्रा, बहेरा, जामुन, बेल, अमलतास, करंज, अर्जुन तथा शतावर जैसे औषधीय एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधे शामिल हैं। इन पौधों से भविष्य में न केवल हरित आवरण बढ़ेगा, बल्कि आयुष चिकित्सा पद्धति एवं स्थानीय स्वास्थ्य परंपराओं को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
#chhattisgarh #mcbdistrict