उप विकास आयुक्त श्रीमती नीलिमा साहू को दी गई भावभीनी विदाई, नव पदस्थापित उप विकास आयुक्त श्री शंभू शरण पाण्डेय का हुआ स्वागत।
जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश के नेतृत्व में आज दिनांक 31.08.2026 को डीआरडीए सभागार, नवादा में उप विकास आयुक्त, नवादा श्रीमती नीलिमा साहू के स्थानांतरण के अवसर पर विदाई-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नव पदस्थापित उप विकास आयुक्त श्री शंभू शरण पाण्डेय का स्वागत भी किया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा श्रीमती नीलिमा साहू को पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने कहा कि श्रीमती नीलिमा साहू अपने कार्यों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध, कर्मठ एवं समर्पित पदाधिकारी रही हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं सरलता के साथ किया। उनकी कार्यशैली में अनुशासन, समयबद्धता एवं टीम भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित होती रही, जिससे जिले में विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी कार्यों को नई दिशा एवं गति मिली।
उन्होंने कहा कि श्रीमती नीलिमा साहू द्वारा विभिन्न योजनाओं के प्रभावी अनुश्रवण एवं क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। उनके कार्यकाल के दौरान विभागीय समन्वय को सुदृढ़ करते हुए विकास कार्यों को गति प्रदान की गई। उनके अनुभव एवं कार्यकुशलता से जिला प्रशासन को निरंतर लाभ मिला।
समारोह में उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा भी श्रीमती नीलिमा साहू के कार्यकाल के दौरान किए गए उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यों, विकासात्मक योजनाओं के प्रभावी अनुश्रवण, योजनाओं के सफल क्रियान्वयन एवं जनहित में किए गए कार्यों की सराहना की गई। उपस्थित पदाधिकारियों ने उनके साथ कार्य करने के अनुभवों को साझा करते हुए उनके कार्यों एवं व्यवहार की प्रशंसा की।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा श्रीमती नीलिमा साहू के उज्ज्वल भविष्य, सफल कार्यकाल एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई। साथ ही नव पदस्थापित उप विकास आयुक्त श्री शंभू शरण पाण्डेय का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Sep 1, 2026