लालगंज नगर क्षेत्र का महत्वपूर्ण सिनेमा रोड बाजार इन दिनों असामाजिक तत्वों के जमावड़े के कारण चर्चा में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे आए दिन युवकों का समूह जमा रहता है, जिसके चलते राहगीरों और दुकानदारों में असहजता का माहौल बना रहता है। कई बार दिनदहाड़े मारपीट जैसी घटनाएं होने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
सिनेमा रोड महिलाओं के लिए खरीदारी का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां कपड़े, जूते, सौंदर्य प्रसाधन, घरेलू सामान समेत कई प्रकार की दुकानें हैं, जहां आसपास के गांवों और नगर क्षेत्र से बड़ी संख्या में महिलाएं और परिवार खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। लेकिन बाजार में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और मारपीट की घटनाओं की चर्चा के कारण लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। हालांकि मारपीट की इस घटना में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई है।