निलकोठी स्कूल में सातवीं बार टूटा ताला, गुमरो के दो स्कूलों में फिर चोरी,
मसलिया थाना क्षेत्र के गुमरो पंचायत स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय निलकोठी और प्राथमिक विद्यालय बांक में रविवार रात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की।
निलकोठी विद्यालय में यह सातवीं चोरी है। चोरों ने दो तालों को तोड़कर 2 कुर्सी, करीब 50 किलोग्राम चावल और एक जग चोरी कर लिया।
विद्यालय परिसर में शराब पीने के बाद चोरों ने प्लास्टिक के गिलास इधर-उधर फेंक दिए।
विद्यालय सचिव पूर्णिमा कुमारी के अनुसार, बार-बार चोरी की लिखित शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
विद्यालय में चहारदीवारी नहीं होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
प्राथमिक विद्यालय बांक के भोजनालय का ताला तोड़कर चोरों ने खाना बनाया और खाया, इसके बाद जूठे बर्तन और सामान मैदान में फेंक दिए।
सोमवार सुबह सचिव प्रभाकर झा ने भोजनालय का ताला टूटा और सामान बिखरा देखा।
दोनों विद्यालय सड़क किनारे और गांव से बाहर स्थित हैं, जहां ग्रामीणों के अनुसार अक्सर असामाजिक तत्व शराब पीने पहुंचते हैं।
ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने प्रशासन से मामले की जांच कर चोरों पर कड़ी कार्रवाई और विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
#दुमका #मसलिया #गुमरो #स्कूलमेंचोरी #विद्यालयसुरक्षा #चोरी #झारखंड #SanthalParganaKhabar