संतकबीरनगर में युवक पर हमला, लूट और जान से मारने की धमकी का आरोप; पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार
संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र के सिरसी गांव में मारपीट, लूट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित शिवानन्द राय ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि 7 जून 2026 की शाम करीब साढ़े पांच से छह बजे के बीच वह गांव में सब्जी खरीदकर वापस अपने घर लौट रहे थे।
पीड़ित के अनुसार, जैसे ही वह अपने घर के पास पहुंचे, पीछे से आए कुछ लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और उन पर हमला कर दिया।
शिवानन्द राय का आरोप है कि हमलावरों में पियूष राय पुत्र रिंकू राय, विपिन राय पुत्र स्वर्गीय ओंकार राय, मदन राय पुत्र स्वर्गीय भगवती राय, विवेक राय पुत्र विपिन राय सहित दो से तीन अज्ञात लोग शामिल थे, जिन्होंने अपने चेहरे गमछे से ढके हुए थे।
प्रार्थना पत्र के मुताबिक, आरोपियों ने उन्हें रास्ते में रोककर लात-घूंसों और लोहे की रॉड से मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। इतना ही नहीं, पीड़ित का आरोप है कि उनकी जेब में रखे महत्वपूर्ण कागजात और एक हजार रुपये नकद भी छीन लिए गए। साथ ही उनके हाथ से सब्जी का झोला छीनकर फेंक दिया गया।
पीड़ित शिवानन्द राय ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।