अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस पर बड़ी कार्रवाई: देहरा में 6 किलो चरस, 28 ग्राम चिट्टा समेत 13 हजार साइकोट्रोपिक ड्रग्स किए नष्ट
संसारपुर टैरेस ।। News123 ।। अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध तस्करी निवारण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पूरे हिमाचल प्रदेश में 'एंटी-चिट्टा दिवस' मनाया गया। इसी क्रम में पुलिस जिला देहरा और पुलिस जिला नूरपुर द्वारा एनडीपीएस मामलों में जब्त किए गए भारी मात्रा में नशीले पदार्थों का कानूनी प्रक्रिया के तहत निस्तारण किया गया।
संसारपुर टैरस स्थित एल्ट्रोक्स सरिया फैक्टरी की भट्टी में पुलिस अधीक्षक देहरा संदीप धवल और पुलिस अधीक्षक नूरपुर इल्मा अफरोज की मौजूदगी में करीब 6 किलो चरस, 28 ग्राम चिट्टा तथा लगभग 13 हजार साइकोट्रोपिक ड्रग्स (टैबलेट, कैप्सूल और सिरप) को जलाकर नष्ट किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक देहरा संदीप धवल ने कहा कि यह कार्रवाई केवल जब्त मादक पदार्थों के निस्तारण तक सीमित नहीं है, बल्कि ड्रग माफिया को कड़ा संदेश देने, युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज को नशा मुक्त अभियान से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी नशा तस्करी से संबंधित कोई सूचना मिले तो तत्काल 112 पर पुलिस को सूचित करें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।
संदीप धवल ने कहा कि उन्होंने वीरवार को ही पुलिस जिला देहरा का कार्यभार संभाला है और उनकी पहली प्राथमिकता क्षेत्र से नशे के कारोबार का पूरी तरह सफाया करना है। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन की क्षमता को इस स्तर तक विकसित किया जाएगा कि सोशल मीडिया और ऑनलाइन माध्यमों से होने वाले साइबर अपराधों पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
जब्त नशीले पदार्थों के निस्तारण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देहरा नवदीप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्वालाजी रामप्रसाद जसवाल, एसडीपीओ ज्वालाजी संदीप पटियाल, एसडीपीओ डाडासीबा राजकुमार, एसडीपीओ इंदौरा संजीव कुमार, एसडीपीओ ज्वाली बहादुर सिंह, थाना प्रभारी संसारपुर टैरस संजय शर्मा, थाना प्रभारी मोंईन संजीव कुमार, फैक्टरी प्रबंधक विकास कुमार, ईल्लाह नूर, एसटीएफ एंटी-चिट्टा टीम तथा विभिन्न थानों के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Dera Gopipur, Kangra | Jun 26, 2026