।। 14 नवम्बर, फरीदाबाद, सायंकालीन समारोह।।
बड़ी सोच और महान कर्म सनातन उद्घोष का मार्ग -श्रद्धेय सदगुरुदेव श्री सुधांशु जी महाराज
गुरु ब्रह्मा गुरु विष्णुः, गुरु देवो महेश्वरः गुरुः साक्षात् परब्रह्म,
तस्मै श्रीगुरवे नमः
पांच कुंडीय वैभव लक्ष्मी महायज्ञ का हुआ पूर्णाहुति
दिव्य भक्ति सत्संग महोत्सव फरीदाबाद का तीसरा दिवस हुआ सम्पन्न
दो दिनों से चल रहे वैभव लक्ष्मी महायज्ञ के आज प्रातःकालीन सत्र में पूर्णाहुति हुई। इस अवसर पर पूज्य महाराजश्री ने कहा कि हमारे सनातन धर्म और संस्कृति में यज्ञ का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण और अलौकिक है, जिसे केवल एक सामान्य अनुष्ठान नहीं बल्कि जीवन के हर मांगलिक कार्य का मूल आधार माना गया है। विवाह और गृह प्रवेश जैसे संस्कार बिना यज्ञ के पूर्ण नहीं माने जाते, क्योंकि यज्ञ से उत्पन्न पवित्र ऊर्जा और मंत्रोच्चार से संपूर्ण वातावरण में दिव्यता का संचार होता है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम स्वयं भगवान नारायण का स्वरूप लेकर इस धराधाम पर साक्षात यज्ञ के समान प्रकट हुए, जिन्होंने संपूर्ण सृष्टि के कल्याण, धर्म की स्थापना और मानव जीवन को पवित्र करने का मार्ग प्रशस्त किया।
सायंकालीन सत्र में समागत नर एवं नारियों को बोलते हुए पूज्य महाराजश्री ने कहा कि जीवन में मानसिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति के लिए अपने दिन की शुरुआत श्रद्धा, विश्वास और सद्गुरु के स्मरण व गुरु मंत्र के पाठ के साथ करनी चाहिए। आकाश में पितृ लोक से ऊपर गुरु लोक, देवता लोक और सर्वोच्च परमात्मा का लोक 'सच्च खंड' स्थित है। गुरु लोक वह पावन स्थान है जहाँ इस धरती को अपना सर्वस्व देने वाले सिद्धों और तपस्वियों का आशीर्वाद निवास करता है, जिससे जुड़े रहना बेहद जरूरी है ताकि नकारात्मक ऊर्जाओं के प्रभाव से बचा जा सके। जीवन में कैसी भी परिस्थितियाँ क्यों न आएँ, अपनों और गुरुजनों के साथ संवाद कभी बंद नहीं होना चाहिए, अन्यथा यह संवादहीनता धीरे-धीरे नफरत में बदल जाती है।
परम पूज्य गुरुदेव श्री सुधांशु जी महाराज ने आगे कहा कि हमें अपने तन, मन और आत्मा की समस्त ऊर्जा को किसी महान और सार्थक कार्य में समर्पित कर देना चाहिए। संकीर्ण जीवन जीने के बजाय हमेशा विराट और उच्च लक्ष्यों को अपनाना चाहिए, जिससे हमारा जीवन मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त कर सके। इस पावन धरती पर धर्म और न्याय की स्थापना ही हमारा परम कर्तव्य होना चाहिए, ताकि सनातन संस्कृति का दिव्य प्रकाश और उसका उद्घोष हर दिशा में दूर-दूर तक गूंज उठे। सत्र के आरंभ से पूर्व विश्व जागृति मिशन के केंद्रीय महामंत्री श्री देवराज कटारिया जी सहित कई मंडलों से आए अधिकारियों एवं गुरु भक्तों ने अपने आराध्य परम पूज्य महाराजश्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया।