वन गमन से सीता हरण तक की कथा ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
“रामलीला – एक जीवंत विरासत” कार्यक्रम के दूसरे दिन हुआ भावपूर्ण मंचन
ओरछा। मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन एवं सभ्यता फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में श्री रामराजा मंदिर परिसर में तीन दिवसीय “रामलीला – एक जीवंत विरासत” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के दूसरे दिन शुभ प्रवेश रामलीला मंडली द्वारा भगवान श्रीराम के वन गमन से लेकर सीता हरण तक के प्रसंगों का भावपूर्ण एवं प्रभावशाली मंचन किया गया। रामलीला के माध्यम से कलाकारों ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन, त्याग, कर्तव्य और धर्म के विभिन्न आयामों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
मंचन के दौरान अयोध्या से श्रीराम, माता सीता एवं लक्ष्मण के वन गमन, वन में उनके प्रवास तथा पंचवटी में घटित महत्वपूर्ण घटनाओं को संवाद, अभिनय एवं पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाया गया। इसके पश्चात रावण द्वारा माता सीता के हरण का प्रसंग मंचित किया गया, जिसने उपस्थित दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। कलाकारों के सशक्त अभिनय, संवाद अदायगी एवं मंचीय प्रस्तुति को दर्शकों ने सराहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य रामलीला की समृद्ध परंपरा को जीवंत बनाए रखना तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं एवं रामायण के आदर्शों से परिचित कराना है। इस अवसर पर पर्यटन विभाग से कार्यपालन यंत्री श्री अनूप गुप्ता, सहायक यंत्री श्री पीयूष बाजपेई सहित स्थानीय नागरिक, कलाकार एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Department of Culture, Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Madhya Pradesh Tourism #रामलीला #JansamparkMP #ओरछा #niwari
9 views | Niwari, Madhya Pradesh | Nov 1, 2026