शाहजहाँपुर: एसपी ऑफिस के सामने महिला से अभद्रता, केस वापस लेने की धमकी देने का आरोप; पीड़िता ने जताई जान-माल के खतरे की आशंका
शाहजहाँपुर (उत्तर प्रदेश):
थाना रामचन्द्र मिशन क्षेत्र अंतर्गत दुष्कर्म के प्रयास, मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज पीड़िता ने अब पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पीड़िता का आरोप है कि नामजद आरोपी गुलजार कुरैशी खुलेआम घूम रहा है और उसे केस वापस लेने के लिए लगातार प्रताड़ित कर रहा है।
मोहल्ला अहमदपुर रेती निवासी पीड़िता शाजिया (पत्नी इम्तियाज) के अनुसार, 7 जुलाई की सुबह आरोपी गुलजार कुरैशी ने उसके घर में जबरन घुसकर बदसलूकी की कोशिश की थी और विरोध करने पर मारपीट व गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया था। इस संबंध में थाने में मामला भी दर्ज कराया गया था।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि बीते दिनों जब वह एसपी कार्यालय पहुंची, तो आरोपी गुलजार कुरैशी ने 8-10 लोगों के साथ मिलकर पहले उसकी गाड़ी में टक्कर मारी और फिर सरेआम अभद्रता की। आरोपी ने उसे धमकाते हुए कहा कि "अपना केस वापस ले लो, नहीं तो यह तुम्हारे लिए ठीक नहीं होगा।"
पीड़िता ने बताया कि उसे और उसके परिवार को आरोपी से जान-माल का गंभीर खतरा बना हुआ है। उसने पुलिस-प्रशासन से मांग की है कि एसपी कार्यालय के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तत्काल सुरक्षित कर निष्पक्ष जांच की जाए तथा आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।
Hardoi, Hardoi | Oct 2, 2026